बीजेपी सरकार को बेनीवाल का अल्टीमेटम, नौकरियों में वन ईयर वेटिंग रूल पर होगा महाआंदोलन

राजस्थान की सरकारी भर्तियों में युवाओं के साथ खिलवाड़ होने के आरोप के साथ राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी ने बीजेपी सरकार को चेतावनी दे दी है। RLP का आरोप है कि 5 साल, 7 साल... और कभी-कभी तो 10-10 साल तक नई वैकेंसी नहीं निकलती, और जब निकलती है, तो पद खाली रह जाते हैं। लेकिन अब, राजस्थान का युवा चुप बैठने वाला नहीं है। ऐसे में अब प्रदेश में चल रही तमाम प्रक्रियाधीन भर्तियों में वन ईयर वेटिंग रूल यानी 1 साल का वेटिंग नियम लागू करने की मांग को लेकर माहौल पूरी तरह गरमा चुका है।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, राज्य सरकार ने नए नियमों के तहत वेटिंग लिस्ट की अवधि को 6 महीने से बढ़ाकर 1 साल करने और नॉन-जॉइनर्स के साथ-साथ इस्तीफा, मृत्यु या सेवा से हटाए गए खाली पदों पर भी वेटिंग लिस्ट से नियुक्ति देने का फैसला तो लिया, लेकिन पेच फंसा है 'प्रक्रियाधीन भर्तियों' में।
चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के 53,000 से ज्यादा पदों समेत तमाम भर्ती परीक्षाओं में अभ्यर्थियों की मांग है कि इस नियम को बैक-डेट से लागू किया जाए। क्योंकि जब बड़े पदों पर चयन होने के बाद युवा छोटी नौकरियों से इस्तीफा दे देते हैं, तो हजारों पद खाली रह जाते हैं। अगर ये नियम लागू होता है, तो करीब 15 से 20 हजार वेटिंग वाले युवाओं को सीधी सरकारी नौकरी मिल सकती है।
सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी RLP
युवाओं के इसी आक्रोश को RLP ने अपना समर्थन दिया है। पार्टी के सुप्रीमो और नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने सीधे सरकार को अल्टीमेटम दे दिया है। बेनीवाल ने साफ कहा है कि ये मुद्दा किसी एक भर्ती का नहीं, बल्कि प्रदेश के 20 लाख से ज्यादा परिवारों से जुड़ा है। अगर सरकार ने जल्द संशोधित विज्ञप्ति जारी नहीं की, तो राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी पूरे राजस्थान में सड़कों पर उतरकर ऐतिहासिक आंदोलन करेगी।
ये भी पढ़ें- राजस्थान निकाय चुनावों आरक्षण को लेकर निकाली जा रही लॉटरी, जानें कौन सी सीटें होंगी आरक्षित
इस लिंक को शेयर करें

