सुनीता मावर बनीं कांग्रेस की आधिकारिक मेयर प्रत्याशी, बीजेपी के सुनील कोठारी से मुकाबला, कांग्रेस से 3 प्रत्याशियों ने भरा नामांकन

जयपुर नगर निगम के मेयर चुनाव में कांग्रेस ने आखिरकार अपना पत्ता खोल दिया है। वार्ड 118 से नवनिर्वाचित पार्षद सुनीता गुप्ता मावर को कांग्रेस ने मेयर पद का आधिकारिक प्रत्याशी बनाया है। शनिवार को उन्होंने नगर निगम मुख्यालय पहुंचकर नामांकन दाखिल किया।
हालांकि कांग्रेस की ओर से मेयर पद के लिए सिर्फ एक नहीं, बल्कि तीन नामांकन दाखिल किए गए हैं। सुनीता मावर के अलावा सुनीता मेठी और दशरथ अटल ने भी नामांकन पत्र दाखिल किया है। रिपोर्टों के मुताबिक ये अतिरिक्त नामांकन पार्टी की रणनीति के तहत कराए गए हैं, जबकि आधिकारिक उम्मीदवार सुनीता मावर ही हैं।
कौन हैं सुनीता मावर?
सुनीता मावर आदर्श नगर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड 118 से कांग्रेस की पार्षद चुनी गई हैं। नगर निगम चुनाव में उन्होंने भाजपा के विकास कोठारी को 676 वोटों से हराया। सुनीता गुप्ता मावर को 3,165 वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी विकास कोठारी को 2,489 वोट मिले।
दिलचस्प बात ये है कि कांग्रेस ने नगर निगम चुनाव में वार्ड 118 से सुनीता मावर को ही अपना प्रत्याशी बनाया था। पार्टी की प्रत्याशी सूची में भी वार्ड 118 के लिए उनका नाम दर्ज था। अब पार्टी ने उन्हीं पर जयपुर के मेयर पद के लिए भी भरोसा जताया है।
सुनीता मावर के साथ दो और नामांकन क्यों?
मेयर पद के नामांकन के आखिरी दिन कांग्रेस की ओर से सुनीता मावर के अलावा सुनीता मेठी और दशरथ अटल ने भी नामांकन दाखिल किया। सुनीता मेठी वार्ड 110 से पार्षद हैं और उन्होंने नगर निगम चुनाव में भाजपा की पूर्व मेयर ज्योति खंडेलवाल को हराकर बड़ा उलटफेर किया था। वहीं दशरथ अटल वार्ड 132 से कांग्रेस पार्षद हैं। हालांकि कांग्रेस ने आधिकारिक तौर पर सुनीता मावर को ही मेयर प्रत्याशी घोषित किया है।
बीजेपी से सुनील कोठारी मैदान में
मेयर चुनाव में सुनीता मावर के सामने भाजपा ने वार्ड 112 से पार्षद सुनील कोठारी को मैदान में उतारा है। कोठारी भाजपा के पूर्व जयपुर शहर अध्यक्ष रह चुके हैं और पार्टी ने लंबे मंथन के बाद उनके नाम पर मुहर लगाई। उन्होंने भी शनिवार को अपना नामांकन दाखिल कर दिया।
अब 25 सितंबर को होगा फैसला
नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब सबकी नजर 25 सितंबर पर है। इसी दिन जयपुर नगर निगम के निर्वाचित पार्षद मेयर का चुनाव करेंगे।
ये भी पढ़ें- कांग्रेस से सुनीता मेठी जयपुर मेयर प्रत्याशी! पूर्व मेयर ज्योति खंडेलवाल को दी थी पटखनी
ये भी पढ़ें- कौन हैं सुनील कोठारी? ज्वेलरी कारोबारी से भाजपा संगठन तक का सफर, जयपुर मेयर की रेस में
इस लिंक को शेयर करें

