कांग्रेस के पूर्व विधायक अमीन खान के साथ दिखे रविंद्र सिंह भाटी, आखिर ये पक क्या रहा है?

Ravindra Singh Bhati: बाड़मेर की राजनीति में फिर हलचल तेज हो गई है। शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी और पूर्व विधायक अमीन खान की अस्पताल में साथ मौजूदगी की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। इस तस्वीर के सामने आने के बाद दोनों नेताओं के रिश्तों और सियासी समीकरणों को लेकर गहमागहमी शुरु हो गई है।
अहमदाबाद में अमीन खान के इलाज के लिए साथ गए रविंद्र सिंह भाटी
रिपोर्ट्स के मुताबिक अमीन खान इन दिनों बीमार हैं और गुजरात के अहमदाबाद में इलाज करा रहे हैं। चर्चा है कि रविंद्र सिंह भाटी भी उनके साथ गए हैं। इन तस्वीरों के सोशल मीडिया पर आते ही उनके समर्थकों और राजनीतिक गलियारों में रिएक्शन देखने को मिल रहे हैं। समर्थकों का कहना है कि शिव के पूर्व विधायक अमीन खान के सामने चुनाव लड़ने वाले बहुत आए और जिनके साथ अमीन खान के संबंध बेहद तीखे रहे हैं लेकिन रविंद्र भाटी ऐसे विधायक हैं, जिनके संबंध उनसे इतने अच्छे हैं। हालांकि इस तस्वीर को लेकर दोनों नेताओं की तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
पहले भी होती रही हैं ऐसी मुलाकातें
यहां ये भी जानना जरूरी है कि ये पहली बार नहीं है जब रविंद्र सिंह भाटी और अमीन खान की मुलाकात चर्चा का विषय बनी हो। लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान भी भाटी ने अमीन खान से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया था। उस समय उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा था कि अमीन खान थार की ऐसी शख्सियत हैं जिन्होंने हमेशा सौहार्द और भाईचारे को बनाए रखा।
2023 में भाटी ने अमीन खान को दी थी मात
बता दें कि 2023 के राजस्थान विधानसभा चुनाव में रविंद्र सिंह भाटी ने शिव विधानसभा सीट पर अमीन खान को हराया था। चुनावी मुकाबले के बावजूद दोनों नेताओं के बीच समय-समय पर हुई मुलाकातें राजनीतिक विश्लेषकों का ध्यान खींचती रही हैं।
ये भी पढ़ें- अमित शाह के साथ मिलकर राजस्थान में धमाका करने को तैयार किरोड़ी लाल मीणा? क्या करेंगे अब गहलोत-डोटासरा
इस लिंक को शेयर करें

