होम/rajasthan/anu-meena-suicide-case-husband-gautam-meena-arrested-in-jaipur

Anu meena Suicide Case: अनु मीणा की ‘हत्या’ करने वाला पति गौतम मीणा गिरफ्तार, न्याय के इंतजार में परिवार

Anu meena Suicide Case: अनु मीणा की ‘हत्या’ करने वाला पति गौतम मीणा गिरफ्तार, न्याय के इंतजार में परिवार
राजस्थान
04 Jun 2026, 05:06 pm
रिपोर्टर : ज्योति शर्मा

Anu Meena Suicide Case: जयपुर में अनु मीणा सुसाइड केस ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था। एक वो शख्स जिसे समाज में रसूखदार माना जाता था, जो सरकार के लोक निर्माण विभाग (PWD) में अधिशासी अभियंता के पद पर तैनात था, आज सलाखों के पीछे पहुंचने की कगार पर है। मानसरोवर थाना पुलिस ने गुरुवार सुबह आरोपी पति गौतम मीणा को गिरफ्तार कर लिया है।

अनु के जाने के बाद मोबाइल फोन से खुला राज

ये पूरा मामला बीती 7 अप्रैल का है, जब जयपुर के मुहाना इलाके के बालाजी विहार में रहने वाली 36 वर्षीय अनु मीणा ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी थी। शुरुआत में यह साधारण सुसाइड लग रहा था, लेकिन मौत के करीब एक महीने बाद जब मृतका अनु का मोबाइल फोन खुला, तो जो सच सामने आया, उसने पुलिस और परिवार दोनों के होश उड़ा दिए।

घर में लगे सीसीटीवी के फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि आरोपी XEN गौतम मीणा किस कदर अपनी पत्नी के साथ बर्बरता करता था। हद तो तब पार हो गई जब इस रसूखदार पति ने अपनी पत्नी के ऊपर थूक कर उसे मानसिक रूप से पूरी तरह तोड़ दिया।

अनु के बच्चों ने बताया कैसे मां पर जुल्म उठाता था पिता

इस पूरे मामले में सबसे बड़ा और पुख्ता सबूत बने हैं अनु के वो दो मासूम बच्चे, जिन्होंने अपनी आंखों के सामने मां को हर दिन नरक झेलते देखा। बच्चों का साफ कहना है कि उनका पिता गौतम मीणा आए दिन शराब पीकर आता था और मां के साथ मारपीट करता था। मामला सिर्फ मारपीट का नहीं है, बल्कि घरेलू कलह की वजह कुछ और भी थी। आरोपों के मुताबिक, अनु मीणा ने अपने पति को घर की ही नौकरानी के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया था। इसके बाद से अनु पर शारीरिक और मानसिक अत्याचार इस कदर बढ़ गया कि आखिरकार उसने मौत को गले लगाना बेहतर समझा।

60 लाख रुपए तक खर्च किए अनु के पिता ने

दूसरी तरफ, मृतका अनु मीणा के पीहर पक्ष का दावा है कि उन्होंने शादी में करीब 60 लाख रुपये, गाड़ी और कैश दिया था, लेकिन दहेज के इस दानव की भूख कभी शांत नहीं हुई। साल 2022 में भी उसे 20 लाख रुपए दिए थे।

हालांकि, खुद को कानून के शिकंजे में फंसता देख आरोपी गौतम मीणा ने भी अपनी सफाई दी है। हिरासत में लिए जाने से पहले गौतम का दावा था कि उसने अपनी पत्नी को कभी पैसों के लिए परेशान नहीं किया और अपनी 70 फीसदी जायदाद अनु के नाम कर रखी थी। गौतम का आरोप है कि अब उसके ससुराल वाले बच्चों को उसके खिलाफ भड़का रहे हैं और उसकी नौकरी छीनना चाहते हैं।

गौतम मीणा गिरफ्तार, अब सामने आएगा पूरा सच

लेकिन सवाल यह उठता है कि अगर गौतम मीणा बेकसूर था, तो सीसीटीवी में दिख रही वो हैवानियत क्या थी? वो मारपीट, वो चीखें और बच्चों के वो डर से सहमे चेहरे क्या झूठे हैं? फिलहाल पुलिस ने सभी रिश्तेदारों और बच्चों के बयान दर्ज कर लिए हैं और एक्सईएन गौतम मीणा से मुहाना और मानसरोवर पुलिस गहन पूछताछ कर रही है। अब देखना होगा कि इस मामले में कानून इस बेबस मां को कब तक इंसाफ दिला पाता है।

ये भी पढ़ें- दहेज के लिए पति और सास-ससुर ने कर दी महिला की हत्या, फांसी पर लटकाकर बता दिया सुसाइड


इस लिंक को शेयर करें

ads

लेटेस्ट खबरें

ads
© 2026 Bharat Raftar. All rights reserved. Powered By Zentek.