Anu Meena Suicide Case: पत्नी की मौत के बाद पहली बार सामने आया पति गौतम मीणा, वीडियाे जारी कर बोला- 'मेरी 70 प्रतिशत प्राॅपर्टी पत्नी के नाम पर'

Anu Meena Suicide Case: जयपुर में अनु मीणा सुसाइड केस को लेकर अब पति गौतम मीणा ने एक वीडियो के जरिए अपना पक्ष रखा है। वीडियो के जरिए गौतम मीणा ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि उन्होंने अनु को कभी भी पैसों के लिए परेशान नहीं किया। मेरी 70 प्रतिशत प्राॅपर्टी उसके नाम पर ही थी। अब मेरे बच्चों को मेरे खिलाफ भड़काया जा रहा है। उन्होंने कहा कि घटना वाले दिन पत्नी अनु मीणा से दो बार बात हुई थी। वह कोई गलत कदम उठाने के लिए कह रही थी। मैंने इसके बाद पड़ोसी दिग्विजय को उसे बचाने के लिए भेजा लेकिन गेट तोड़ने में देरी हुई इसके कारण अनु को बचाया नहीं जा सका। मैं पुलिस को जांच में सहयोग को तैयार हूं। अगर निष्पक्ष जांच हुई तो दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।
7 अप्रैल को किया था सुसाइड
बता दें कि 7 अप्रैल 2026 को अनु मीणा ने मुहाना मंडी स्थित अपने घर में फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया था। सुसाइड के समय अनु पति गौतम मीणा से फोन पर वीडियो काॅल के जरिए बात कर रही थी। हालांकि बाद में अनु के बच्चों ने जब अनु का फोन खोला तो उसमें कई मारपीट के वीडियो सामने आए। इसके बाद अनु के परिजनों ने एक्सईएन पति के खिलाफ मारपीट और सुसाइड के उकसाने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया। मामला दर्ज होने के बाद से गौतम मीणा फरार है। फिलहाल पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। इस बीच अब गौतम मीणा ने अपनी सफाई पेश की है। गौरतलब है कि अनु मीणा सुसाइड मामला पूरे देश में चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि अब देखना यह है कि पुलिस इस मामले में क्या एक्शन लेती है।
मेरी 70 प्रतिशत संपत्ति अनु के नाम पर
वीडियो में गौतम ने कहा कि जयपुर की पत्रकार काॅलोनी में 500 गज का प्लाॅट भी अनु के नाम पर ही है। इसके बाद चैमूं में भी उसके नाम पर एक प्लाॅट लिया था। पिछले साल जन्मदिन पर अनु को उसने स्कोडा कार भी गिफ्ट की थी। गौतम ने इसके साथ ही ससुरालियों पर भी कई आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि अनु की मौत के बाद वे घर से गहने और डीवीआर लेकर चले गए। अनु की इंस्टाग्राम आईडी भी डिलीट कर दी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उन्हें ब्लैकमेल किया जा रहा है। वे लोग मेरी नौकरी भी खाना चाहते हैं।
ये भी पढ़ेंः राजस्थान हाईकोर्ट ने रद्द की आसाराम की जमानत याचिका, तुरंत सरेंडर करने का आदेश, अब आजीवन जेल में रहना होगा
ये भी पढ़ेंः जयपुर पुलिस को मिली बड़ी सफलता, 25 हजार का इनामी बदमाश विक्रम सिंह उर्फ लादेन गुर्जर अरेस्ट
इस लिंक को शेयर करें

