होम/rajasthan/ashok-gehlot-on-cm-bhajan-lal-sharma-in-jodhpur

‘भजनलाल ही रहें CM’...गहलोत बोले- वो मुख्यमंत्री पद के लिए सबसे सही व्यक्ति

‘भजनलाल ही रहें CM’...गहलोत बोले- वो मुख्यमंत्री पद के लिए सबसे सही व्यक्ति
राजस्थान
24 Jun 2026, 05:37 pm
रिपोर्टर : Jyoti Sharma

Ashok Gehlot on CM Bhajan Lal : पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के लिए कुछ ऐसा कह डाला है जिससे प्रदेश की सियासत में हलचल मच रही है। गहलोत ने कहा कि वो लगातार सुन रहे हैं कि भजनलाल हट रहे हैं, हट रहे हैं लेकिन वो चाहते हैं कि भजनलाल ही मुख्यमंत्री बने रहे।

‘वो CM पद पर सूट करते हैं’

जोधपुर में अशोक गहलोत ने मीडिया के राजस्थान के मंत्रिमंडल के सवाल पर कहा कि “ये हमारा काम नहीं है, ये पूरी तरह से मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार है। लेकिन मैं व्यक्तिगत तौर पर यही चाहता हूँ कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ही अपने पद पर बने रहें।“

गहलोत ने कहा कि आजकल मीडिया में लगातार यह चलने लगा है कि 'ये हट रहे हैं, वो हट रहे हैं।' मैं चाहता हूँ कि वे बने रहें, वे एक भले आदमी हैं, व्यवहार कुशल हैं और सभी से बेहद सम्मान के साथ बात करते हैं। ऐसे शालीन व्यक्ति को ही मुख्यमंत्री का पद शोभा देता है और वे विपक्ष के नाते हमें भी सूट करते हैं।‘

घोड़े-गधे वाले बयान पर दी सफाई

उन्होंने अपने गधे-घोड़ों वाले बयान पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के पलटवार पर भी सफाई दी। उन्होंने कहा कि “मैंने आम जनप्रतिनिधियों को ऐसा नहीं कहा। ये शब्द उन लोगों के लिए इस्तेमाल किए हैं जो बिक चुके हैं या बिक रहे हैं। जो विधायक (MLA) और सांसद (MP) जनता का भरोसा तोड़कर 10 करोड़, 25 करोड़ या 50 करोड़ रुपये में अपनी निष्ठा बेच रहे हैं, उनके लिए मैंने 'बिकने वाले घोड़े, गधे, भैंस और बकरी' जैसे 4 शब्दों का इस्तेमाल किया था।

‘महाराष्ट्र, बंगाल का उदाहरण सबके सामने है’

गहलोत ने कहा कि इसमें भला गलत क्या है? जनता जिन पर भरोसा करके, अपना कीमती वोट देकर उन्हें सदन में भेजती है, वे पैसों के लालच में आकर बिक जाते हैं। आज बंगाल और महाराष्ट्र में जो कुछ हो रहा है, वह सबके सामने है। महाराष्ट्र में शिवसेना के 28 में से 20 सांसद चले गए, 80 में से 60 विधायक पाला बदल गए और अभी कल ही 8 में से 6 सांसद और चले गए। ऐसे बिकने वाले लोगों की पूजा तो की नहीं जा सकती। मदन राठौड़ दरअसल सिर्फ अपने दिल्ली बैठे वरिष्ठ नेताओं को खुश करने और अपनी नंबरिंग बढ़ाने के लिए इस तरह की बयानबाज़ी का प्रयास कर रहे हैं।

बीजेपी विधायकों पर क्या कहा था गहलोत ने?

बीते दिन अशोक गहलोत ने जयपुर में मीडिया में राजस्थान में ऑपरेशन लोटस चलने के सवाल पर कहा था कि बीजेपी सरकार डेमोक्रेसी को खतरे में ला रही है। घोड़े और गधे, भैंस और बकरी की तरह सांसद और विधायक बिकने लगे हैं।

इस पर मदन राठौड़ ने पलटवार करते हुए कहा था कि जनप्रतिनिधियों को भेड़-बकरी कहना लोकतंत्र का अपमान है। ऐसी भाषा उचित नहीं है। गहलोत ने सचिन पायलट को नाकारा कहा था, तो उन्हें भी भेड़-बकरी कहेंगे क्या?

ये भी पढ़ें- किरोड़ी के पहले मैंने साढ़ू बनाया और अब...कृषि मंत्री के आरोपों पर क्या बोले डोटासरा


इस लिंक को शेयर करें

ads

लेटेस्ट खबरें

ads
© 2026 Bharat Raftar. All rights reserved. Powered By Zentek.