आतंकी शहजाद भट्टी के चंगुल में कैसे फंसा बीकानेर का शख्स, पाकिस्तान पहुंचा रहा था भारत की सिम

प्रदेश में सरहद पार दहशतगर्दों के देश में पैठ बढ़ाने के मामलों में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बीकानेर जिले में पाकिस्तान से जुड़े संदिग्ध नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई हुई है और यहां के बज्जू थाना पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी की गैंग को भारतीय मोबाइल सिम दिए हैं और उन्हें एक्टिवेट कराने के लिए वन टाइम पासवर्ड यानी OTP उपलब्ध कराया। जिसके बाद वो सिम पाकिस्तान में एक्टिव हो गई। ये कार्रवाई जयपुर की एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) से मिले इनपुट के आधार पर की गई।
बीकानेर के अनिल ने पैसों के लिए बेच दिया ईमान
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनिल कुमार विश्नोई के रूप में हुई है। वो बज्जू थाना क्षेत्र के गौड़ू गांव का रहने वाला है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से पाकिस्तान स्थित शहजाद भट्टी गैंग के सदस्य उज्जेर के संपर्क में था।
17 जुलाई को शेयर किया था OTP
बज्जू थाना प्रभारी चंद्रवीर सिंह ने बताया कि 17 जुलाई को अनिल कुमार ने एक भारतीय मोबाइल सिम को एक्टिव करने के लिए OTP साझा किया था। इसके तुरंत बाद वो सिम पाकिस्तान में चालू हो गई और वहीं से उसका इस्तेमाल शुरू हो गया।
मामले की सूचना मिलने पर जयपुर ATS ने आरोपी को हिरासत में लेकर करीब 5 दिन तक पूछताछ की। इसके बाद 27 जुलाई को उसे स्थानीय पुलिस को सौंपा गया। जहां उसकी गिरफ्तारी की गई।
ATS के इनपुट पर हुई कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) और कोलायत वृत्ताधिकारी की निगरानी में बज्जू थाना पुलिस ने इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और दूरसंचार से जुड़े प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पाकिस्तान से कैसे बना संपर्क?
पुलिस जांच के मुताबिक पाकिस्तान स्थित शहजाद भट्टी गैंग के मेंबर उज्जेर और उसके सहयोगी अजान ने आरोपी अनिल से कॉन्टैक्ट किया था। उसे अपनी बातों में लेकर आतंकियों ने अनिल से भारतीय सिम हासिल की। फिर उसे चालू कराने के लिए OTP भी ले लिया।
जांच एजेंसियों का मानना है कि इस सिम का इस्तेमाल जासूसी, आतंकवादी गतिविधियों या संगठित अपराधों के लिए किया जा सकता था। हालांकि अब इसकी तफ्तीश जारी है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि क्या आरोपी ने इससे पहले भी पाकिस्तान में किसी व्यक्ति को भारतीय सिम, OTP या कोई दूसरी संवेदनशील जानकारी दी थी। क्या इसके बदले आरोपी को पैसे या फिर कुछ और दिया गया था या फिर वो भी किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा था।
कौन है शहजाद भट्टी?
शहजाद भट्टी पाकिस्तान से जुड़ा एक कुख्यात गैंगस्टर है, जिसका नेटवर्क पाकिस्तान के अलावा दुबई, कनाडा और दूसरे देशों तक फैला हुआ है। देश की सुरक्षा एजेंसियां उसकी गतिविधियों पर पहले से नजर रखे हुए हैं। अधिकारियों के मुताबिक शुरुआती जांच में उसके नेटवर्क के कुछ तत्वों के आतंकवादी संगठनों से संभावित संबंधों की भी जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें- 50% टिकट युवाओं को देगी कांग्रेस, राजस्थान पंचायत-निकाय चुनाव पर कांग्रेस का बड़ा ऐलान
इस लिंक को शेयर करें

