राजस्थान में राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों का ऐलान, BJP ने सतीश पूनिया और अलका गुर्जर को बनाया प्रत्याशी

राजस्थान में तीन सीटों पर होने वाले राज्यसभा चुनाव को लेकर उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। पार्टी हाईकमान ने सतीश पूनिया और अल्का गुर्जर को उम्मीदवार बनाया है। सतीश पूनिया वर्तमान में हरियाणा के प्रभारी हैं जबकि अल्का गुर्जर पार्टी की राष्ट्रीय सचिव हैं। दोनों ही नेताओं को संगठन में काम करने का लंबा अनुभव है।
विधानसभा में संख्या के लिहाज से बीजेपी की दोनों सीटों पर जीत तय मानी जा रही है। वहीं तीसरी सीट पर कांग्रेस की जीत तय है। लेकिन अगर बीजेपी तीसरा उम्मीदवार उतारती है या कोई निर्दलीय उम्मीदवार चुनाव लड़ता है तो कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। बता दें कि राज्यसभा चुनाव के लिए प्रदेश में 18 जून को वोटिंग होनी है वहीं उसी दिन परिणाम भी घोषित होंगे। अगर कांग्रेस उम्मीदवार नहीं उतारती है तो बीजेपी के दोनों उम्मीदवारों की जीत तय मानी जा रही है।
जाटों को साधने की कोशिश
बीजेपी हाईकमान ने सतीश पूनिया और अल्का गुर्जर को उम्मीदवार बनाकर पंचायत चुनाव से पहले जाटों और गुर्जरों को अपने पाले में करने की कोशिश की है। प्रदेश में जाट वोटबैंक का साथ पूरी तरह बीजेपी को नहीं मिलता है इस कारण पार्टी ने सतीश पूनिया को प्रत्याशी बनाया है। हालांकि जाट वोट बैंक में बिखराव का एक बड़ा कारण हनुमान बेनीवाल की पार्टी आरएलपी है। जाट कांग्रेस को अगर वोट नहीं देते हैं तो आरएलपी को दूसरी वरीयता के आधार पर चुनते हैं। ऐसे में बीजेपी जाटों को साधना चाहती है।
जानें कौन हैं अलका गुर्जर
अलका गुर्जर राजस्थान के संगठन में लंबे समय तक सक्रिय रही। अलका गुर्जर 2013 में बांदीकुई सीट से विधायक चुनी गईं। इसके बाद पार्टी ने उन्हें राष्ट्रीय महासचिव बनाया। इसके अलावा वह दिल्ली प्रदेश की सह प्रभारी भी हैं। 21 फरवरी 1961 की जन्मीं अलका गुर्जर राजस्थान प्रशासनिक सेवा की परीक्षा भी पास कर चुकी हैं। हालांकि उन्होंने सरकारी सेवा की जगह राजनीति को चुना। अलका के पति नाथूसिंह भी बीजेपी के वरिष्ठ नेता हैं। वे बीजेपी सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं।
राज्यसभा चुनाव की टाइमलाइन
बता दें कि राज्यसभा चुनाव के लिए 1 जून को अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन शुरू हो गए थे। 8 जून को नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख है। 9 जून को नामांकन की जांच होगी। इसके बाद 11 जून तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। इसके बाद 18 जून को वोटिंग होगी। उसी दिन शाम को 5 बजे वोटों की गिनती होगी परिणाम घोषित किए जाएंगे।
ये भी पढ़ेंः Rajya Sabha Elections Candidate: आज शाम को होगा राज्यसभा चुनाव के लिए बीजेपी उम्मीदवारों का ऐलान
ये भी पढ़ेंः हनुमान बेनीवाल के कानूनी नोटिस पर बोले मदन राठौड़, 'राजनीतिक विमर्श का गिरता स्तर चिंताजनक'
इस लिंक को शेयर करें

