मुसलमानों के उत्थान के लिए काम कर रही मोदी सरकार- बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चा के नेता जावेद कुरैशी

जयपुर। भाजपा नेता और राजस्थान भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के निवर्तमान महामंत्री जावेद कुरैशी के नेतृत्व में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें आपातकाल के 50 साल पूरे होने पर "काला दिवस" मनाया गया। साथ ही केंद्र में नरेंद्र मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने और शोहदा-ए-कर्बला की याद में सम्मेलन का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग, भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
आपातकाल भारतीय लोकतंत्र का काला अध्याय
वक्ताओं ने 25 जून 1975 को लगाए गए आपातकाल को भारतीय लोकतंत्र का काला अध्याय बताते हुए इसकी आलोचना की। उनका कहना था कि उस दौरान अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, नागरिक अधिकारों और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर अंकुश लगाया गया था।
कार्यक्रम में मोदी सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल पर भी चर्चा हुई। वक्ताओं ने दावा किया कि केंद्र सरकार ने अल्पसंख्यक समाज के सामाजिक, शैक्षिक और आर्थिक विकास के लिए कई योजनाएं लागू की हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सभी वर्गों तक पहुंचा है।
10 हजार पौधे लगाने का संकल्प
इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत 10 हजार पौधे लगाने का संकल्प भी लिया गया। उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण और मातृ सम्मान के इस अभियान को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में हजरत इमाम हुसैन और उनके 72 साथियों की शहादत की याद में "शोहदा-ए-कर्बला सम्मेलन" भी आयोजित किया गया। वक्ताओं ने कर्बला के संदेश—सत्य, न्याय, मानवता, त्याग और अत्याचार के खिलाफ संघर्ष—पर अपने विचार रखे और लोगों से इन मूल्यों को अपनाने की अपील की।
मुस्लिम समाज के उत्थान के लिए काम कर रही मोदी सरकार
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आयोजक जावेद कुरैशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार मुस्लिम समाज के सामाजिक, शैक्षिक और आर्थिक उत्थान के लिए काम कर रही है। उन्होंने कांग्रेस पर आपातकाल के दौरान लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने का आरोप भी लगाया।
वसुंधरा राजे ने वीडियो मैसेज से दी शुभकामनाएं
खराब मौसम के कारण कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने वीडियो संदेश भेजकर कार्यक्रम के सफल आयोजन की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का संचालन अधिवक्ता मुराद अली शेख ने किया। इस अवसर पर महबूब कुरैशी, हाकम खान, शकील अहमद, हनीफ खान (अन्नू), समीर मलिक, मुस्लिम राष्ट्रीय मंच से रेशमा हुसैन, पूर्व राज्यमंत्री हिदायत खान सहित भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें- ‘1 लाख डिलीवरी में ‘सिर्फ’ 48 प्रसूताओं की मौत, ये तो सामान्य’...स्वास्थ्य मंत्री खींवसर के फिर असंवेदनशील बयान पर बवाल
इस लिंक को शेयर करें

