प्रसूताओं की मौत पर बीकानेर में जबरदस्त प्रदर्शन करेगी कांग्रेस, डोटासरा और जूली संभालेंगे कमान

Bikaner: बीकानेर के सबसे बड़े PBM अस्पताल में 2 प्रसूताओं की मौत को लेकर कांग्रेस ने बीजेपी सरकार को कटघरे में खड़ा किया है। PCC चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा है कि वो और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली इस मुद्दे को लेकर बीकानेर में सरकार से जवाब मांगने के लिए जा रहे हैं। कांग्रेस का प्रदर्शन इस मुद्दे पर होगा।
जयपुर कांग्रेस कार्यालय में पीसीसी चीफ ने प्रेस कांफ्रेंस करते हुए कहा कि RGHS और चिरंजीवी को इस बीजेपी सरकार ने मृतप्राय कर दिया। राइट टू हेल्थ तक हमारी कांग्रेस सरकार चली गई थी, लेकिन आज पूरे प्रदेश में लोग परेशान है। अस्पताल में दवाइयां नहीं है, हैं तो नकली हैं, प्रसूताएं अस्पताल में दम तोड़ रही है। कोटा में 5 प्रसूताओं की मौत हो गई, 6 अतिगंभीर, जोधपुर में 2 बीमार, बीकानेर में 2 प्रसूताओं की मौत हो गई, 6 की किडनी फेल हो गई थीं।
‘ये नकली दवाइयां अस्पताल में कैसे आ रही, जांच क्यों नहीं’
डोटासरा बोले कि PBM जैसे बड़े अस्पताल में नकली दवाइयां, नकली इंजेक्शन प्रतिदिन मरीजों को दिए जा रहे हैं। बावजूद इसके मुख्यमंत्री और मंत्री में कोई संवेदनशीलता नहीं। मुख्यमंत्री तो कहीं गए ही नहीं। मंत्री ने तो बयान दिया कि प्रसूताएं नाचते-गाते आई थीं क्या। ये कहना कि आज कल की लड़कियां लेबर पेन सहन नहीं कर पाती इसलिए ऑपरेशन कराती हैं। हम ये नहीं कर सकते। PBM अस्पताल में नकली दवा, नकली इंजेक्शन कहां से आ रहे हैं, कौन सप्लाई कर रहा है। इनसे किडनी फेल हो रही हैं। मरीजों को ये सब दिया जा रहा है। सरकार ने बैन लगाया है तो भी ये अस्पताल में आ रहा है। हमारे समय में फ्री दवाइयां तो बंद ही कर दीं। RGHS से इलाज भी निजी अस्पताल नहीं कर रहे क्योंकि सरकार उन्हें पैसे नहीं दे रही है।
‘सरकार मरीजों का मजाक उड़ा रही है’
डोटासरा ने कहा कि अब मंत्री तय करेंगे कि किसका ऑपरेशन करना है किसका नहीं। ये तो मेडिकल रिक्वायरमेंट होती है। डॉक्टर्स प्रसूता की स्थिति को देखते हए ये सब तय करते हैं। सरकारी संरक्षण में भ्रष्टाचार और सिजेरियन के बाद मौतें बहुत ही शर्मनाक है। कफ सिरप से मौत से भी कोई सरकार को कई फर्क नहीं पड़ता। मंत्री सिर्फ एक ही जवाब देते हैं कि आने दो रिपोर्ट।
कांग्रेस इस संवेदनशील मुद्दे पर जनता के साथ खड़ी हैं। मैं और जूली बीकानेर में जाकर सरकार को चेताने का काम करेंगे। डोटासरा ने कहा कि सरकार मरीजों का सिर्फ मजाक उड़ा रही है। लोगों में आक्रोश है।
ये भी पढ़ें- किरोड़ी के पहले मैंने साढ़ू बनाया और अब...कृषि मंत्री के आरोपों पर क्या बोले डोटासरा
इस लिंक को शेयर करें

