जगन गुर्जर की मौत पर भड़के हनुमान बेनीवाल, सरकार से जांच की उठाई मांग

राजस्थान की सबसे सुरक्षित मानी जाने वाली अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल के भीतर जगन गुर्जर की मौत के बाद पूरे पुलिस महकमे से लेकर जयपुर के सियासी गलियारों तक हड़कंप मच गया है। 3 राज्यों की पुलिस जिस कुख्यात डकैत जगन गुर्जर को दर्जनों मुठभेड़ों के बाद भी खरोंच तक नहीं पहुंचा सकी, उसकी सोमवार दोपहर जेल की बैरक में गला घोंटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस हाई-प्रोफाइल मर्डर के बाद भरतपुर के चर्चित कुलदीप जघीना हत्याकांड का आरोपी विष्णु जाट पुलिस के निशाने पर है, जिसने जगन के साथ एक ही बैरक में रहते हुए इस वारदात को अंजाम दिया।
हनुमान बेनीवाल ने भजनलाल सरकार से उठाई जांच की मांग
अब इसी जगन गुर्जर की जेल में हत्या के बाद राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के सुप्रीमो और नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने मोर्चा खोल दिया है। बेनीवाल ने इस हत्याकांड के पीछे गहरी साजिश की आशंका जताते हुए मामले की तत्काल CBI जांच की मांग की है।
उन्होंने X पर पोस्ट करते हुए लिखा कि, “अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल में बंद जगन गुर्जर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत अत्यंत गंभीर घटना है। जगन की हत्या की घटना राजस्थान की सबसे सुरक्षित मानी जाने वाली जेल की सुरक्षा व्यवस्था एवं जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े करती है।“
“जगन गुर्जर हत्या की हो CBI जांच”
बेनीवाल ने कहा कि ये घटना प्रथम दृष्टया जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर लापरवाही की ओर संकेत करती है। साथ ही, इस पूरे मामले में किसी प्रकार की मिलीभगत या साजिश की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता। ऐसी परिस्थितियों में केवल विभागीय जांच से निष्पक्ष एवं पारदर्शी सत्य सामने आने की संभावना कम प्रतीत होती है। इसलिए प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से अपील है कि इस मामले की जांच तत्काल प्रभाव से CBI से करवाई जाए, ताकि घटना के पीछे की साजिश, जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका का पर्दाफाश हो सके।
“बड़े-बड़े अपराधी जेलों के अंदर भी उतने पॉवरफुल हैं”
बेनीवाल ने ये भी कहा कि पिछले कुछ समय से राजस्थान की जेलों से मुख्यमंत्री को धमकियां दिए जाने, आम नागरिकों और व्यापारियों से रंगदारी और वसूली की धमकियां देने, नशे के कारोबार संचालित होने और संगठित अपराधों के संचालन जैसी घटनाएं लगातार सामने आती रही हैं। ऐसे घटनाक्रम यह संकेत देते हैं कि कई माफिया और हार्डकोर अपराधी जेलों के भीतर से भी अपना आपराधिक नेटवर्क संचालित करते हुए राजस्थान में समानांतर सरकार चला रहे है जो कानून-व्यवस्था के लिए अत्यंत गंभीर चुनौती है।
जगन गुर्जर के बेटे ने बताया हत्या की बड़ी साजिश
इधर सियासी चर्चाओं के बीच अजमेर के JLN अस्पताल की मोर्चरी के बाहर माहौल बेहद गरमाया हुआ है। जगन गुर्जर के बेटे आशाराम ने इस हत्या को बड़ी साजिश बताते हुए शव लेने से इनकार कर दिया है और CBI जांच और धौलपुर जेल में बंद अपने चाचा पप्पू गुर्जर की सुरक्षा सुनिश्चित होने तक धरने पर बैठ गए हैं।
ये भी पढ़ें- लूडो खेलते-खेलते ऐसा क्या हुआ कि कैदी विष्णु ने कर दी जगन गुर्जर की हत्या! लोग बोले- अब तो इस खेल से लगने लगा है डर?
इस लिंक को शेयर करें

