जगन गुर्जर का भांजा है इक्का क्लब हत्याकांड का हिस्ट्रीशीटर आरोपी अनुज गुर्जर!

जयपुर के नामी इक्का क्लब में रविवार देर रात को हुए अन्नू गुर्जर मर्डर केस में कई बड़े मोड़ सामने आए हैं। इनमें से भी सबसे बड़ी बात ये है कि जिस अनुज गुर्जर ने अन्नू गुर्जर को मारा है, वो कथित तौर पर डकैत जगन गुर्जर का भांजा बताया जा रहा है।
सोशल मीडिया के दावे की भारत रफ्तार नहीं करता पुष्टि
दरअसल सोशल मीडिया पर ये दावा किया जा रहा है कि इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी अनुज कोई साधारण अपराधी नहीं, बल्कि कुख्यात डकैत जगन गुर्जर का भांजा है। अनुज पहले भी हत्या जैसे संगीन मामलों में आरोपी रह चुका है। हालांकि, भारत रफ्तार इन वायरल सोशल मीडिया खबरों की पुष्टि नहीं करता है, लेकिन पुलिस इस एंगल से भी मामले की गहनता से तफ्तीश कर रही है।
लड़की को लगा धक्का तो आग बबूला हुआ अनुज
रविवार देर रात 3 बजे मानसरोवर स्थित इक्का क्लब में एक कॉल गर्ल को धक्का लगने के विवाद से शुरू हुआ था। इस लड़की को मनीष नाम का युवक लेकर आया था। धक्का लगने पर लड़की जमीन पर गिर पड़ी। जिससे अनुज गुर्जर तमतमा गया और धक्का देने वाले युवक को पीटने लग गए। जब प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा छात्र अन्नू गुर्जर बीच-बचाव करने पहुंचा, तो मुख्य आरोपी अनुज गुर्जर और उसके साथियों ने अन्नू को पहले पीटा और फिर काउंटर पर रखे चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी जान ले ली। आरोपियों में भरतपुर ओपन जेल से भागा कैदी कुलदीप गुर्जर भी शामिल है।
आपत्तिजनक हालात का सीसीटीवी फुटेज आया सामने
यही नहीं पुलिस को क्लब की छत का एक सीसीटीवी फुटेज भी मिला है, जिसमें एक युवक-युवती आपत्तिजनक हालत में नजर आ रहे हैं। कोर्ट ने अनुज गुर्जर को 17 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है, जबकि वो कॉल गर्ल, उसे लाने वाला मनीष और क्लब संचालक अभी भी फरार हैं। अब हनुमान बेनीवाल की एंट्री और डकैत कनेक्शन के बाद ये केस राजस्थान की सियासत का सबसे बड़ा मुद्दा बन चुका है।
बेनीवाल ने कहा- भजनलाल शर्मा के गृहनगर की जेल से भागा आरोपी
दूसरी तरफ इस मामले में RLP प्रमुख हनुमान बेनीवाल ने सीधे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को घेरते हुए ट्वीट किया था कि—"राजस्थान में कानून व्यवस्था चरमरा चुकी है। सीएम के गृह जिले भरतपुर की ओपन जेल से हत्या और दुष्कर्म के कैदी फरार हो जाते हैं। जब सरकार खतरनाक अपराधियों की निगरानी नहीं कर सकती, तो आम जनता की सुरक्षा कैसे करेगी?" बेनीवाल ने मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
ये भी पढ़ें- OBC को 27% आरक्षण की मांग, खुद का SC-ST वोटबैंक काटेगी कांग्रेस?
इस लिंक को शेयर करें

