जयपुर करधनी हत्याकांड: शेयर मार्केट घाटा और गुजरात कनेक्शन, राहुल के परिवार में आखिर चल क्या रहा था?

जयपुर के करधनी इलाके में पत्नी और तीन बेटियों की हत्या के मामले की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, परिवार के भीतर चल रहे आर्थिक और घरेलू तनाव की तस्वीर सामने आने लगी है। पुलिस को आशंका है कि आरोपी राहुल झा लंबे समय से आर्थिक परेशानी से जूझ रहा था। वो शेयर ट्रेडिंग करता था और पड़ोसियों के मुताबिक हाल के दिनों में पैसों को लेकर दबाव में था।
राहुल पर अपनी पत्नी गीता झा और तीन बेटियों—नंदिनी, राधिका और गौरी की हत्या का आरोप है। चारों के शव करधनी के गोविंद वाटिका स्थित घर में अलग-अलग कमरों से मिले थे। पुलिस के मुताबिक सभी के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान थे और आशंका है कि वारदात के वक्त वे सो रही थीं। घटनास्थल से एक सीमेंट का पत्थर भी बरामद किया गया है, जिसे हत्या में इस्तेमाल किए गया था।
शेयर मार्केट में घाटा... घर में बढ़ा तनाव?
जांच से जुड़े शुरुआती इनपुट के मुताबिक राहुल शेयर ट्रेडिंग करता था और आर्थिक नुकसान के चलते तनाव में था। पड़ोसियों ने भी पुलिस को बताया कि वह पैसों को लेकर परेशान था। यहां तक कि वारदात से करीब 3 दिन पहले उसने पड़ोस में रहने वाली एक महिला से 50 हजार रुपये उधार मांगे थे। महिला ने उसे 25 हजार रुपये दिए थे।
पुलिस अब ये पता लगाने में जुटी है कि राहुल पर कितना कर्ज था, शेयर ट्रेडिंग में उसे कितना नुकसान हुआ और उसके आर्थिक लेन-देन के हालात क्या थे। हालांकि, अभी ये कहना जल्दबाजी होगी कि सिर्फ आर्थिक परेशानी ही हत्या की वजह थी। पुलिस पारिवारिक विवाद समेत दूसरे पहलुओं की भी जांच कर रही है।
प्लॉट बेचने को लेकर पत्नी से विवाद?
जांच के दौरान ये बात भी सामने आई है कि राहुल परिवार की आर्थिक हालत सुधारने के लिए मकान या प्लॉट बेचने की बात कर रहा था, लेकिन पत्नी गीता इसके लिए तैयार नहीं थी। इसी मुद्दे को लेकर दोनों के बीच लगातार विवाद होने की बात सामने आ रही है।
यही वजह है कि पुलिस अब आर्थिक संकट और घरेलू विवाद के बीच संभावित कनेक्शन की जांच कर रही है। हालांकि, प्लॉट बेचने को लेकर विवाद की बात फिलहाल पुलिस की तरफ से हत्या की अंतिम वजह के तौर पर पुष्ट नहीं की गई है।
6 सितंबर को गुजरात गया था राहुल, तीन दिन बाद लौटा
इस केस में राहुल का गुजरात जाना भी जांच का अहम हिस्सा बन गया है। जानकारी के मुताबिक राहुल 6 सितंबर को गुजरात गया था और करीब तीन दिन बाद जयपुर वापस लौटा। मीडिया रिपोर्ट्स में भी ये कहा गया है कि वह वारदात से कुछ दिन पहले गुजरात से जयपुर लौटा था।
पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि गुजरात जाने की वजह क्या थी। वहां वह किससे मिला, कितने समय तक रहा, उसके बैंकिंग या शेयर ट्रेडिंग से जुड़े लेन-देन क्या थे और वापसी के बाद उसके बर्ताव में कोई बदलाव आया था या नहीं—इन सवालों के जवाब जांच में अहम हो सकते हैं।
हत्या के बाद भी सामान्य व्यवहार, पिता को पिलाई चाय
इस मामले का सबसे विचलित करने वाला पहलू हत्या के बाद राहुल का कथित व्यवहार है। पुलिस के मुताबिक शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे राहुल ने दूधवाले से दूध लिया। इसके बाद उसने अपने बुजुर्ग पिता लक्ष्मीनाथ के लिए चाय बनाई और उन्हें चाय पिलाई। इसके बाद वह घर से निकल गया और फरार हो गया। बाद में घर में खून देखकर पिता ने पड़ोसियों को इसकी जानकारी दी और पुलिस को सूचना मिली।
चारों शव अलग-अलग कमरों में मिले
करधनी के गोविंद वाटिका स्थित मकान में पुलिस को पहली मंजिल के कमरे से गीता का शव मिला, जबकि तीनों बेटियों के शव ग्राउंड फ्लोर के दो अलग-अलग कमरों में मिले। मृतकों की पहचान गीता झा और उनकी बेटियों नंदिनी, राधिका और गौरी के रूप में हुई है। नंदिनी 23 साल की थी और पढ़ाई के साथ प्राइवेट नौकरी करती थी। राधिका 18 साल की थी और 12वीं में पढ़ती थी, जबकि गौरी 14 साल की थी और आठवीं कक्षा की छात्रा थी। गीता घर की पहली मंजिल पर बुटीक चलाती थीं।
ये भी पढ़ें- बाड़ेबंदी में मस्ती काट रहे प्रत्याशी, होटल-रिजॉर्ट्स की तस्वीरें वायरल, इधर नतीजों को लेकर बीजेपी-कांग्रेस का गर्मा रहा माथा
ये भी पढ़ें- जयपुर में चुनाव के बीच खौफनाक वारदात, पत्नी और 3 जवान बेटियों की हत्या कर फरार हुआ युवक
इस लिंक को शेयर करें

