जयपुर में दिनदहाड़े सरेआम युवक की हत्या पर भड़के हनुमान बेनीवाल, मर्डर का वीडियो भी वायरल

जयपुर के मानसरोवर थाना इलाके में एक युवक की डंडों से पीट-पीट कर हत्या कर दी। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस पर लोग आक्रोश जता रहे हैं और पुलिस व्यवस्था समेत लोगों की नैतिकता पर भी सवाल उठा रहे हैं कि इतने सारे लोगों के सामने युवक को पीटा जा रहा है लेकिन कोई भी उसे बचाने के लिए आगे नहीं बढ़ा। वीडियो गुर्जर की थड़ी का बताया जा रहा है।
'इतनी भयानक मौत, अपराधियों में डर ही नहीं बचा'
इस मामले में अब नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल का भी बयान सामने आया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर इस हत्या का वीडियो शेयर करते हुए कहा कि एक युवक की निर्मम हत्या का वायरल वीडियो बेहद भयावह है। ये हृदयविदारक और राजस्थान की बिगड़ती कानून-व्यवस्था का जीवंत प्रमाण है। राजधानी जयपुर में खुलेआम इस तरह हत्या होना और अपराधियों का बेखौफ होकर वार करना जयपुर पुलिस कमिश्नरेट की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
बेनीवाल ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को टैग करते हुए लिखा कि प्रदेश में “सुशासन” और “कानून का राज” के दावे कर रहे हैं, लेकिन हकीकत ये है कि अपराधियों में पुलिस और सरकार का भय समाप्त हो गया है।
बेनीवाल ने कहा कि वो इस जघन्य हत्याकांड की कड़ी निंदा करते हैं। सरकार इस हत्या में संलिप्त सभी आरोपियों को कठोर से कठोर सजा दिलवाए। राजस्थान की जनता अब मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से सवाल पूछ रही है कि जब राजधानी ही सुरक्षित नहीं, तो आम नागरिक खुद को कहाँ सुरक्षित महसूस करे? मुख्यमंत्री की नाक के नीचे राजधानी में लगातार ऐसे जघन्य अपराध हो रहे हैं, आखिर राजस्थान सरकार बदहाल कानून व्यवस्था की सुध कब लेगी?
एमपी का रहने वाला है मृतक
बता दें कि ये घटना बीती मंगलवार शाम 5 बजे की है। मानसरोवर थाना CO हेमेंद्र ने बताया कि मृतक युवक मध्य प्रदेश के श्योपुर का रहने वाला है। उसका नाम बलबीर है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ये हत्या लूटमार के इरादे से की गई है। वीडियो में 4 युवक नजर आ रहे हैं जिनके हाथों में लाठियां हैं। उन्होंने पीछे से एक युवक के सिर में लाठी मार दी जिससे वो बेसुध होकर गिर पड़ा जिसके बाद राहगीरों ने उसे जयपुरिया एडमिट कराया लेकिन यहां से SMS रेफर कर दिया गया। रात साढ़े 11 बजे उसकी मौत हो गई।
लूटमार में किया हमला
CO हमेंद्र ने आगे बताया कि मृतक का भाई रामवीर सोडाला के नंदपुरी में रहता है जिसने केस दर्ज कराया है। उसने बताया कि मृतक बलबीर एक साल से जयपुर के गुर्जर की थड़ी के शांति नगर में किराए का कमरा लेकर रह रहा था। वो यहां मार्बल-टाइल्स का काम करता था। मृतक की पत्नी और 3 बच्चे हैं जो श्योपुर में ही रहते हैं।
वहीं बलबीर के साथियों ने बताया कि उस पर हमला लूटमार के इरादे से किया गया था क्योंकि उन आरोपियों ने केशव नाम के मजूदर से मारपीट की थी। इसके बाद उन्होंने सभी मजदूरों के साथ मारपीट शुरू कर दी।
ये भी पढ़ें- ABVP छात्रों के धरने का रविंद्र सिंह भाटी ने किया समर्थन, विधायक प्रतापपुरी और फूल सिंह भाटी भी धरने पर बैठे
इस लिंक को शेयर करें

