गांधारी दर्शन त्यागकर सच का सामना करें गहलोत, किरोड़ी का पूर्व मुख्यमंत्री पर तगड़ा पलटवार

Kirodi Lal Meena on Ashok Gehlot: प्रदेश के कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा मामले में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बयान पर करारा पलटवार किया है। उन्होंने गहलोत को टूक कह दिया है कि अपनी आंखों से पट्टी हटाकर वास्तविकता का सामना करें।
‘गांधी दर्शन की बात करने वाले गांधारी दर्शन को त्यागें’
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपने अकाउंट पर उन्होंने पोस्ट किया कि “गांधी दर्शन की बात करने वाले अशोक गहलोत को गांधारी-दर्शन त्यागकर सत्य का सामना करना चाहिए। प्रदेश के मुखिया के तौर पर 5 सालों तक कुशासन देने वाले अशोक गहलोत आज तथ्यों की मांग कर रहे हैं, जबकि तथ्य खुद उनकी सरकार के काले कारनामों की गवाही देते आ रहे हैं।
‘गहलोत के खास महेश जोशी आज जेल में’
किरोड़ी मीणा यहीं नहीं रुके, उन्होंने आगे कहा कि जल जीवन मिशन में हुए घोटालों के तथ्यों के आधार पर ही कांग्रेस सरकार के आपके खासम खास मंत्री महेश जोशी जेल की हवा खा रहे हैं। REET भर्ती परीक्षा को उनके प्रिय शिक्षा मंत्री ने 'महाकुंभ' कहा था, लेकिन वो युवाओं के सपनों के साथ महाभ्रष्टाचार का कुंभ सिद्ध हुआ।
मेरे सबूत देते ही रद्द हुई थी REET भर्ती
किरोड़ी ने कहा कि आखिर में मेरे तथ्यों के आधार पर ही गहलोत को ही REET लेवल-2 परीक्षा रद्द करनी पड़ी थी। SI भर्ती परीक्षा में मेरे जरिए ही अनियमितताओं के तथ्य पेश करने पर परीक्षा रद्द हुई और आयोग के सदस्य और चयनित अभ्यर्थी जेल गए।
RAS भर्ती परीक्षा में कांग्रेस सरकार में बैठे लोगों के किए घिनौने खेल से तो पूरा प्रदेश परिचित ही है। गहलोत खुद सत्ता के मोह में किसी भी कीमत पर 5 सालों तक कुर्सी से चिपके रहे और उनके मंत्रियों और विधायकों ने प्रदेश को भ्रष्टाचार, लूट और प्रशासनिक अराजकता में झोंक दिया, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।
‘पर उपदेश कुसल बहुतेरे’
किरोड़ी ने आखिर में गोस्वामी श्रीतुलसीदासजी की रामचरितमानस की चौपाई का जिक्र किया और कहा कि श्रीरामचरितमानस में सच ही लिखा है कि “पर उपदेस कुसल बहुतेरे। जे आचरहिं ते नर न घनेरे”।
क्या कहा था अशोक गहलोत ने?
बीते गुरुवार को जोधपुर में मीडिया से बात करते हुए कहा कि राजनीति में जो है, झूठे आरोप नहीं लगाए जाते हैं। अगर आपके पास तथ्य है, तो उस पर बात करो। किरोड़ी मीणा जब सरकार में नहीं थे, तब भी वो लगातार आरोप लगाते थे।
गहलोत ने कहा था कि खुद को घिरता देख इस सब से ध्यान भटकाने के लिए किरोड़ी लाल मीणा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा पर अनर्गल और सरासर झूठे आरोप लगाना उनकी हताशा को साफ दर्शाता है। जनता सब देख रही है, इस झूठ की राजनीति का अंत निश्चित है।
ये भी पढ़ें- ‘किरोड़ी अलग ही किस्म के प्राणी हैं’, कृषि मंत्री-डोटासरा के विवाद में आया अशोक गहलोत का बयान
इस लिंक को शेयर करें

