आखिर खत्म हुआ 3 दिन से चल रहा ‘टंकी एपिसोड’, राज्यमंत्री केके बिश्नोई ने समझाइश कर नीचे उतारे संविदाकर्मी

Jaipur: जयपुर में संविदा नर्सिंग कर्मियों का आंदोलन उस वक्त हाई-वोल्टेज ड्रामे में बदल गया, जब अपनी मांगों को लेकर दो दिन पहले 3 कर्मचारी जयपुरिया अस्पताल स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गए थे। शुक्रवार देर रात जब ये नीचे उतरे तो उसके 10 मिनट बाद ही SMS अस्पताल के चरक भवन की पानी की टंकी पर चढ़ गए जिन्हें राज्य मंत्री केके बिश्नोई ने उतारा।
केके बिश्नोई ने की संविदकार्मियों से बातचीत
SMS अस्पताल परिसर में हालात बिगड़ते देख राज्य मंत्री केके बिश्नोई जब मौके पर पहुंचे तो उन्होंने नर्सिंग कर्मियों से बातचीत की, उनकी मांगें सुनीं और आश्वासन भी दिया। इसके बाद आधी रात के बाद दोनों कर्मचारी टंकी से नीचे उतर आए।
भर्ती नियमों में बदलाव की मांग को लेकर चढ़े थे टंकी पर
दरअसल, संविदा नर्सिंग कर्मियों का विरोध भर्ती नियमों में किए जा रहे बदलाव को लेकर किया जा रहा था। इसे लेकर दो दिन पहले 3 संविदा नर्सिंग कर्मी—विमल शर्मा, रॉबिन शर्मा और संजीता चौधरी—जयपुरिया अस्पताल परिसर में पानी की टंकी पर चढ़ गए थे। वो करीब करीब 40 घंटे तक टंकी पर डटे रहे थे।
पुलिस और प्रशासन की तरफ से लगातार उनसे बातचीत की गई। उन्हें बताया गया कि उनकी बात सरकार तक पहुंच चुकी है और समस्याओं के समाधान को लेकर बातचीत की। इसके बाद रात करीब 9 बजे तीनों कर्मचारी टंकी से नीचे उतर आए।
जयपुरिया की टंकी से उतरने के 10 मिनट बाद SMS की टंकी पर चढ़ाई
तीनों कर्मचारियों के नीचे उतरने के महज 10 मिनट बाद दो दूसरे संविदा नर्सिंग कर्मी—राम भरत सिंह गुर्जर और भारत मीणा—एसएमएस अस्पताल के चरक भवन स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गए। यानी आंदोलन ने एक बार फिर नया मोड़ ले लिया। इन नर्सिंग कर्मियों का आरोप था कि जयपुरिया अस्पताल की टंकी पर चढ़े उनके तीन साथियों को पुलिस ने दबाव बनाकर नीचे उतारा है।
हालांकि राजस्थान सरकार के राज्य मंत्री केके बिश्नोई मौके पर पहुंचे और कर्मियों से सीधे बातचीत की। इनकी प्रमुख मांगों में भर्ती प्रक्रिया में बोनस अंकों की व्यवस्था को बरकरार रखना शामिल है। कर्मचारियों का कहना था कि बोनस के रूप में 10, 20 और 30 अंक देने की व्यवस्था जारी रहनी चाहिए।
फिलहाल प्रशासन की तऱफ से नर्सिंग कर्मियों की मांगों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। अब सोमवार को संविदा नर्सिंग कर्मियों के प्रतिनिधिमंडल की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ से मुलाकात होने की संभावना है।
ये भी पढ़ें- राजस्थान में मजदूरों-कर्मियों के लिए खुशखबरी, तय कर दिए गए सैलरी के नियम
इस लिंक को शेयर करें

