कोटा में 2 कोचिंग स्टूडेंट्स की मौत, आत्महत्या या हत्या! एक JEE की छात्रा तो दूसरा NEET का छात्र

Kota Students Death: राजस्थान के कोटा में 2 कोचिंग छात्रों की मौत हो गई है। कहा जा रहा है कि दोनों ने आत्महत्या की है। एक JEE की छात्रा है जिसने फ्लाईओवर से छलांग लगा दी। वहीं दूसरा NEET का छात्र है उसने हॉस्टल के अपने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। ये दोनों घटनाएं अलग-अलग थाना इलाकों में घटित हुई हैं।
बिहार की थी JEE की 17 साल की छात्रा
JEE की छात्रा बिहार के अररिया की रहने वाली थी। वो कोटा आकर पीजी में रह रही थी। यहां से कोचिंग में एंट्रेस एग्जाम की तैय़ारी कर रही थी। विज्ञान नगर थाना अधिकारी मुकेश मीणा ने बताया कि बीते शनिवार को रात 12 बजे श्रीजी अस्पताल के सामने बने फ्लाइओवर से छलांग लगा दी। आने-जाने वाले छात्रों ने जब उसे देखा तो उसे रोकने की कोशिश की लेकिन तब तक उसने छलांग लगा दी। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया लेकिन रविवार सुबह अस्पताल में उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। इसी कारण पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। जांच अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही छात्र के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल, दोस्तों और परिचितों से पूछताछ की जा रही है ताकि ये पता लगाया जा सके कि घटना से पहले उसकी गतिविधियां क्या थीं। घटना के बाद उसके परिजनों को सूचना दे दी गई है और पोस्टमार्टम के बाद शव उन्हें सौंपा जाएगा।
झारखंड का था 21 साल का NEET छात्र
वहीं दूसरा NEET का छात्र झारखंड का रहने वाला है। उसका नाम अलवीन था। वो 21 साल का था। वो कोटा के बोरखेड़ा थाना इलाके के गोयल रेजिडेंसी में रहता था। वो एक प्राइवेट कोचिंग से NEET की तैयारी कर रहा था। उसने शुक्रवार को हॉस्टल के अपने कमरे में फांसी का फंदा लगाकर जान दे दी।
5 साल में 110 से छात्रों की मौत
ये घटना एक बार फिर कोटा में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े करती है। कोटा एक तरह से छात्रों के लिए एजूकेशन सिटी डेथ सिटी बनता जा रहा है। बीते 5 सालों में कोटा में 110 छात्रों की मौत हो चुकी है। 2022 में 15, 2023 में 26 छात्रों की मौत, 2024 में 17 स्टूडेंट्स, 2025 में 18, 2026 में 20 से ज्यादा स्टूटेंड्स की मौतें हो चुकी हैं।
ये भी पढ़ें- जयपुर मोमो गर्ल मामला: सरकार उठाएगी रिशू गुप्ता के इलाज का खर्च, जलाने वाला पुलिसकर्मी लाइन हाजिर
इस लिंक को शेयर करें

