‘ये जातिगत कार्रवाई’...,EO सस्पेंड मामले में रितु बनावत के खिलाफ सड़कों पर कुशवाहा समाज, पुतला फूंका

Protest against Ritu Banawat: बयाना में विधायक रितु बनावत से बदतमीजी से बात करने वाली नगर पालिका की एग्जीक्यूटिव ऑफिसर अनीता कुशवाहा को पद से हटाने के बाद अब कुशवाहा समाज ने अपनी नाराजगी जताई है। समाज के प्रतिनिधियों ने इसे EO के खिलाफ जातिगत कार्रवाई बताई है। उन्होंने रितु बनावत का पुतला भी फूंका और अनीता कुशवाहा का सस्पेंशन रद्द करने की भी मांग की है।
'ये जातिगत भावना से प्रेरित कार्रवाई'
कुशवाहा समाज के लोगों ने बयाना के सैदपुरा गांव में इकट्ठा होकर प्रदर्शन किया, रैली निकाली। रितु बनावत का पुतला फूंका, नारेबाजी की। उनका कहना है कि जो बात हुई थी वो कोई इतनी बड़ी नहीं थी कि अधिकारी को सस्पेंड ही कर दिया जाए। ये जो कार्रवाई हुई है वो जातिगत भावना से प्रेरित होकर हुई है, समाज इसका विरोध करता है।
बता दें कि रितु बनावत ने नगर पालिका EO अनीता कुशवाहा के आपत्तिजनक बर्ताव के विरोध में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को सीधे लेटर लिखकर शिकायत कर दी थी। जिसके बाद स्वायत्त शासन विभाग के डायरेक्टर ने EO को सस्पेंड करने का ऑर्डर जारी कर दिया था। जो तत्काल प्रभावी हुआ।
ये था मामला
बयाना में विधायक ऋतु बनावत नगर पालिका की बैठक ले रही थीं। उन्होंने नियमों का हवाला देते हुए सवाल उठाया कि साफ-सफाई के टेंडर आखिर एक ही फर्म को क्यों दिए जा रहे हैं? विधायक का ये सवाल पूछना था कि वहां मौजूद EO अनीता कुशवाह का भतीजा नवीन कुशवाहा बीच में बोलने लगा। चूंकि ये एक सरकारी बैठक थी, इसलिए विधायक ने मर्यादा का ध्यान रखते हुए उस बाहरी युवक को कमरे से बाहर जाने को कह दिया। बस, यही बात मैडम EO को चुभ गई। उनका पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया और वो अपनी प्रशासनिक गरिमा भूलकर विधायक से भिड़ गईं। उन्होंने विधायक के लिए तू-तड़ाक की भाषा का इस्तेमाल किया।
ये भी पढ़ें- आखिर क्यों जनप्रतिनिधियों से उलझ रहे हैं अफसर, रितु बनावत के मामले में तुरंत कार्रवाई, फिर भी सवाल गंभीर
इस लिंक को शेयर करें

