हनुमानगढ़: नगर पालिका अध्यक्ष बनाने की नाम पर कांग्रेस विधायक ने ठगे 60 लाख रुपए

हनुमानगढ़ के पीलीबंगा से कांग्रेस विधायक विनोद गोठवाल ने पीलीबंगा नगर पालिका में अध्यक्ष बनाने के नाम पर 60 लाख रुपये ठगे हैं। इस मामले में पीलीबंगा नगर पालिका की पूर्व कांग्रेस पार्षद शारदा पूनियां ने अपने बेटे सूर्यप्रकाश पूनियां के साथ जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य को लिखित परिवाद सौंपा है।
पैसे वापस मांगे तो दी जाने से मारने की धमकी
शारदा पूनियां ने आरोप लगाया है कि कस्बे की कुम्हार धर्मशाला में आयोजित कांग्रेस मंडल की बैठक के बाद, जब उन्होंने और उनके बेटे ने जून 2025 के उपचुनाव के दौरान कथित तौर पर नगर पालिका अध्यक्ष बनाने के नाम पर अमानत के तौर पर दिए गए 60 लाख रुपये वापस मांगे तो विधायक विनोद गोठवाल भड़क गए। आरोप है कि विधायक विनोद गोठवाल ने ना सिर्फ पैसे लौटाने से साफ इनकार कर दिया, बल्कि उनके साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया। इतना ही नहीं, पुलिस में जाने पर झूठे मुकदमों में फंसाने और जान से मारने की धमकी तक दे डाली।
चुनाव हारने के बाद 60 लाख के लेन-देन की हुई थी चर्चा!
ये मामला 16 जून 2025 का है। जब अध्यक्ष पद के उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी शारदा पूनियां को महज 12 वोट मिले थे, जबकि बीजेपी के रणवीर डेलू 22 वोट पाकर अध्यक्ष बने थे। चुनाव हारने के बाद से ही 60 लाख के कथित लेन-देन की चर्चाएं गर्म थीं, जिसकी शिकायत पहले कांग्रेस प्रदेश नेतृत्व से भी की गई थी।
विधायक ने खिलाफ- ये झूठे आरोप
विधायक विनोद गोठवाल ने इन सभी आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद और राजनीतिक साजिश करार दिया है। विधायक का कहना है कि उन्होंने किसी से कोई पैसा नहीं लिया। पूर्व पार्षद पद पाने के लिए सौदेबाजी करने की कोशिश कर रही थीं, और जब उन्होंने असंवैधानिक मांग मानने से इनकार कर दिया, तो अब उनकी छवि धूमिल करने के लिए झूठे आरोप लगा दिए। फिलहाल, जिला पुलिस अधीक्षक ने मामले की निष्पक्ष जांच के आदेश दे दिए हैं। अब देखना होगा कि जांच में क्या सच निकलकर सामने आता है।
ये भी पढ़ें- चुनाव आयोग ने निकाला संभावित कार्यक्रम, 19 सितंबर को चुना जाएगा जयपुर का नया महापौर
इस लिंक को शेयर करें

