राजस्थान में देर रात फिर प्रशासनिक फेरबदल, 6 IAS और 7 RAS अफसरों का ट्रांसफर

Rajasthan IAS RAS Transfer: राजस्थान में निकाय चुनाव की आचार संहिता के बीच एक बार फिर देर रात प्रशासनिक फेरबदल हुआ है। 21 अगस्त की देर रात कार्मिक विभाग ने 6 IAS और 7 RAS अधिकारियों के तबादले और पदस्थापन के आदेश जारी किए। खास बात ये है कि तीन IAS अधिकारी ऐसे हैं, जो फिलहाल APO यानी पदस्थापन की प्रतीक्षा में चल रहे थे। उन्हें भी अब नई जिम्मेदारी दे दी गई है।
ये बदलाव ऐसे समय हुआ है, जब राज्य में निकाय चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और आचार संहिता लागू है। इससे पहले भी सरकार पिछले कुछ दिनों में IAS और RAS अधिकारियों की कई बड़ी सूचियां जारी कर चुकी है। ऐसे में देर रात आई यह नई सूची प्रशासनिक हलकों में अहम मानी जा रही है।
इन 6 IAS अधिकारियों के तबादले
कार्मिक विभाग के आदेश के मुताबिक प्रज्ञा केवलरमानी, एस. गुईटे, अविचल चतुर्वेदी, खजान सिंह, सोहन लाल और दिव्यांश सिंह के तबादले और पदस्थापन किए गए हैं। इनमें सबसे अहम बदलाव उदयपुर संभागीय आयुक्त के पद पर हुआ है। प्रज्ञा केवलरमानी को उदयपुर संभागीय आयुक्त पद से हटाकर TAD आयुक्त और देवस्थान आयुक्त की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं APO चल रहे खजान सिंह को उदयपुर का नया संभागीय आयुक्त बनाया गया है।
APO चल रहे एस. गुईटे को HCM रीपा में सेंटर फॉर गुड गवर्नेंस का विशेषाधिकारी और अविचल चतुर्वेदी को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त बनाया गया है। वहीं सोहन लाल को कृषि विभाग में संयुक्त शासन सचिव और दिव्यांश सिंह को शिक्षा विभाग में संयुक्त शासन सचिव की जिम्मेदारी मिली है।
7 RAS अधिकारियों के नाम
RAS अधिकारियों में राजलक्ष्मी गहलोत, जगत राजेश्वर, जयपाल सिंह राठौड़, कार्तिकेय मीणा, पूजा मीणा, सुनीता यादव-III और बनवारी लाल बैरवा शामिल हैं। इनमें जयपाल सिंह राठौड़ को अजमेर विकास प्राधिकरण से हटाकर ब्यावर का SDM बनाया गया है। वहीं बनवारी लाल बैरवा को अकोलेरा SDM पद से हटाकर भादरा में सहायक कलेक्टर की जिम्मेदारी दी गई है।
राजस्थान में लगातार हो रहे प्रशासनिक फेरबदल के बीच अब 21 अगस्त की देर रात जारी हुई यह सूची भी चर्चा में है। खासकर चुनावी आचार संहिता लागू होने के बाद अधिकारियों की नई पोस्टिंग को लेकर प्रशासनिक स्तर पर इसकी अहमियत बढ़ गई है।
ये भी पढ़ें- जिस स्कूल में CJP ने मचाया हंगामा, उसके निर्माण के लिए पहले ही दिए जा चुके हैं 18 लाख रुपए, बगरू MLA ने किया खुलासा
इस लिंक को शेयर करें

