राजस्थान में फिर मेहरबान हुआ मानसून, सीकर में 10 इंच बारिश, आज फिर जयपुर समेत 28 जिलों में अलर्ट

Rajasthan Monsoon Update: 10 दिन के बाद आखिर फिर मानसून राजस्थान में मेहरबान हो गया। बीती 20 जुलाई से झमाझम बारिश का जो दौर शुरु हुआ वो अभी भी थमा नहीं है। जयपुर में तो शाम साढ़े 6 बजे से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। रात साढ़े 8 बजे तो जबरदस्त बारिश हुई। पूरा शहर पानी-पानी हो गया। एक घंटे बारिश होने के बाद बारिश बंद हई लेकिन रात भर रुक-रुक कर पानी गिरता रहा। मौसम विभाग ने जयपुर में बीते दिन औसतन 3 इंच बारिश दर्ज की है।
सीकर में सबसे ज्यादा 10 इंच बारिश
जयपुर के पड़ोसी सीकर पर इंद्रदेव काफी प्रसन्न दिखाई दिए। मानसून के बादल सबसे ज्यादा कल सीकर में बरसे। मौसम विभाग ने सीकर में बीते दिन 10 इंच बारिश दर्ज की। सीकर की मुख्य सड़कों और इलाको में भी घुटनों तक पानी भर गया। रात भर चला बारिश का दौर सुबह तक जारी रहा। आज भी सीकर में घने बादल छाए हुए हैं।

इन 28 जिलों में आज बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग, जयपुर केंद्र ने आज नागौर, ब्यावर, अजमेर और आस-पास के इलाकों में अतिभारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
वहीं चूरू, डीडवाना-कुचामन, सीकर, झुंझुनू, पाली, भीलवाड़ा, बूंदी, कोटा, झालावाड़, बारां, चित्तौड़गढ़, टोंक, जयपुर, कोटपूतली-बहरोड़, दौसा, सवाई माधोपुर, करौली, धौलपुर, डीग, खैरथल-तिजारा, अलवर, भरतपुर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, राजसमंद और इनके आस-पास के क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
बारिश से गिरा तापमान
बीते दिन बारिश से राजस्थान में गर्मी और भीषण उमस से जूझ रहे लोगों को राहत दी। फिर भी श्रीगंगानगर पूरे प्रदेश में सबसे गर्म रहा। यहां 42.9°C तापमान दर्ज किया गया। वहीं सिरोही में सबसे कम 21.1°C तापमान दर्ज किया गया। जयपुर में अधिकतम तापमान 34.4°C रहा वहीं न्यूनतम तापमान 25.4°C दर्ज किया गया।
ये भी पढ़ें- Gold Silver Rate: आज फिर उछला सोना, स्थिर रही चांदी, जानिए जयपुर में क्या है भाव?
इस लिंक को शेयर करें

