होम/rajasthan/rajasthan-nikay-chunav-2026-voting-percent-till-6-pm-jaipur-voting

राजस्थान निकाय चुनाव: कहीं मारपीट तो कहीं EVM ने रोकी वोटिंग, जानिए किस शहर में कितना हुआ मतदान

राजस्थान निकाय चुनाव: कहीं मारपीट तो कहीं EVM ने रोकी वोटिंग, जानिए किस शहर में कितना हुआ मतदान
राजस्थान
11 Sept 2026, 06:51 pm
रिपोर्टर : Jyoti Sharma

राजस्थान में नगर निकाय चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के लिए शुक्रवार, 11 सितंबर को सुबह 7 बजे शुरू हुआ मतदान शाम 6 बजे समाप्त हो गया। जयपुर, जोधपुर, अजमेर समेत 147 नगरीय निकायों के 4,774 वार्डों में मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। इस चरण में 87.60 लाख से ज्यादा मतदाता और 18,266 प्रत्याशियों की किस्मत EVM में बंद हुई।

हालांकि मतदान के दौरान प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से हंगामा, मारपीट और EVM खराब होने की घटनाएं भी सामने आईं। अजमेर के किशनगढ़ में फर्जी मतदान की शिकायत के बाद दो पक्षों में मारपीट हुई, जबकि डूंगरपुर के सागवाड़ा में EVM बदलनी पड़ी। बाड़मेर के चौहटन में भी EVM खराब होने से मतदान प्रभावित हुआ। जयपुर में भी एक मतदान केंद्र के बाहर प्रत्याशियों और समर्थकों के बीच विवाद के बाद हाथापाई की खबर सामने आई।

किशनगढ़ में फर्जी मतदान की शिकायत के बाद मारपीट

अजमेर जिले के किशनगढ़ नगर परिषद के वार्ड नंबर 38 में मतदान के दौरान जमकर हंगामा हुआ। बूथ संख्या 78/79 के बाहर निर्दलीय प्रत्याशी अनिल पारीक की तरफ से फर्जी मतदान की शिकायत किए जाने के बाद विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई।

मौके पर मौजूद पुलिस ने दखल कर दोनों पक्षों को अलग किया और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद इलाके में अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात किया गया। घटना के कारण कुछ समय के लिए मतदान केंद्र के बाहर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

डूंगरपुर के सागवाड़ा में EVM ने बढ़ाई परेशानी

डूंगरपुर जिले के सागवाड़ा नगरपालिका के वार्ड नंबर 9 में EVM में तकनीकी खराबी के कारण मतदान प्रभावित हुआ। रिपोर्ट के मुताबिक मशीन ने बार-बार जवाब दिया। इसके बाद निर्वाचन विभाग ने EVM बदलने का फैसला किया।

नई EVM पहुंचने के बाद करीब एक घंटे की देरी से मतदान दोबारा शुरू हो सका। इस दौरान बूथ पर मौजूद मतदाताओं में नाराजगी देखी गई।

चौहटन में भी EVM खराब, वार्ड 19 में रुका मतदान

बाड़मेर के चौहटन नगरपालिका चुनाव में वार्ड नंबर 19 के मतदान केंद्र पर EVM खराब होने की सूचना सामने आई। मशीन में तकनीकी समस्या के कारण मतदान कुछ समय के लिए रुक गया और बूथ के बाहर मतदाताओं की कतार लग गई।

जयपुर में प्रत्याशियों के बीच हाथापाई

जयपुर में भी वार्ड 114 , केसरियों की धर्मशाल पोलिंग बूथ पर निर्दलीय प्रत्याशी ने बूथ के अंदर कांग्रेस प्रत्याशी की मौजूदगी पर आपत्ति जताई और बाहर निकालने की मांग की जिससे दोनों पक्षों के समर्थकों में बहस हो गई और बात हाथापाई तक पहुंच गई। हालांकि पुलिस ने स्थिति को संभाला और दोनों पक्षों को शांत कराया।

इसके अलावा जयपुर में कई बूथों पर EVM से जुड़ी तकनीकी शिकायतें भी सामने आईं। शास्त्री नगर के वार्ड नंबर 14 में एक बूथ पर EVM खराब होने से मतदान लंबे समय तक प्रभावित रहने की सूचना सामने आई।

बड़े शहरों में मतदान की रफ्तार कैसी रही?

शाम तक के जारी आंकड़ों में बड़े नगर निगमों में मतदान की रफ्तार छोटे शहरों और कस्बों की तुलना में कम रही। राज्य निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के मुताबिक जोधपुर नगर निगम में 3 बजे तक 56.42% वोटिंग हुई। जयपुर नगर निगम में 48.90% वोटिंग हुई। वहीं अजमेर नगर निगम में शाम 6 बजे तक 63.65% मतदान हुआ। उदयपुर नगर निगम में शाम 6 बजे तक 67.26% वोटिंग हुई। कोटा नगर निगम में शाम 6 बजे तक 57.02%, पाली नगर निगम में 3 बजे तक 56.9% वोटिंग हुई।

इन आंकड़ों में जयपुर में 24.33 लाख से अधिक मतदाताओं में से 11.82 लाख से ज्यादा वोट पड़ चुके थे। जयपुर का कुल मतदान प्रतिशत दोपहर 3 बजे तक 48.58% दर्ज किया गया था। शाम 6 बजे तक के आंकड़े अभी तक अपडेट नहीं किए गए हैं।

यहां पर देखें किस निकाय में कितना मतदान हुआ

अजमेर नगर निगम में 2,12,375 मतदाताओं ने वोट डाला, जो 48.48% मतदान के बराबर था। वहीं पूरे अजमेर जिले के तीन प्रमुख निकायों—अजमेर, किशनगढ़ और पुष्कर—को मिलाकर औसत मतदान 51.69% रहा। किशनगढ़ में 60.19% और पुष्कर में 70.80% मतदान दर्ज किया गया।

प्रदेश भर में दोपहर 1 बजे तक औसत मतदान 44.90% था। बड़े नगर निगमों में उस समय जयपुर 37.40%, अजमेर 35.61% और जोधपुर 43.51% पर था। राजस्थान निकाय चुनाव के मतगणना 14 सितंबर को होगी और नतीजे घोषित किए जाएंगे।

ये भी पढ़ें- इधर हो रही वोटिंग उधर होटल पहुँच रहे पार्षद! निकाय चुनाव नतीजों से पहले शुरू 'बाड़ेबंदी'

ये भी पढ़ें- कोटा में वोट के बदले ‘गिफ्ट’ बांटने का VIDEO? घर-घर पहुंचे लोग, चुनाव के बीच वायरल फुटेज


इस लिंक को शेयर करें

ads

लेटेस्ट खबरें

ads
© 2026 Bharat Raftar. All rights reserved. Powered By Zentek.