Rajasthan Weather Update: उमस-लू से मिलने वाली है राहत, 70 KM की रफ्तार से आंधी-बारिश का अलर्ट

Rajasthan Mausam: राजस्थान में भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे लोगों के लिए राहत की खबर है। प्रदेश में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है, जिसके असर से शुक्रवार 12 जून से मौसम का मिजाज तेजी से बदलने वाला है। मौसम विभाग ने जयपुर, बीकानेर, जोधपुर, अजमेर, भरतपुर, कोटा और उदयपुर संभाग के कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी और पूर्वी राजस्थान दोनों इलाकों में 12 जून से अगले कई दिनों तक गरज-चमक, धूलभरी आंधी और बारिश की गतिविधियां बनी रह सकती हैं। कई इलाकों में हवा की रफ्तार 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना जताई गई है।

इन जिलों में ज्यादा असर
मौसम जानकारों के मुताबिक जैसलमेर, बाड़मेर, बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, नागौर, चूरू, जयपुर, सीकर, झुंझुनूं, अजमेर और अलवर समेत कई जिलों में तेज आंधी और बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। पश्चिमी सीमा से सटे जिलों में धूलभरी आंधी की संभावना ज्यादा है।
46 डिग्री की गर्मी से मिलेगी राहत
पिछले कुछ दिनों से पश्चिमी राजस्थान के कई हिस्सों में तापमान 45 से 46 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा रहा था। अब सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के चलते तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। इससे लोगों को लू और भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।

किसानों के लिए अहम चेतावनी
मौसम विभाग ने किसानों को खास सतर्कता बरतने की सलाह दी है। तेज हवा और बारिश के चलते खेतों में रखी फसल, कृषि उपकरण और दूसरी सामग्री को सुरक्षित स्थानों पर रखने की अपील की गई है।
मानसून की एंट्री से पहले बदलेगा मौसम
जानकारों का कहना है कि ये प्री-मानसून गतिविधियां हैं, जो प्रदेश में मानसून आगमन से पहले मौसम को प्रभावित करेंगी। पश्चिमी विक्षोभ और अरब सागर से आ रही नमी के चलते अगले 3 से 4 दिनों तक राजस्थान के कई हिस्सों में मौसम सुहावना बना रह सकता है।
ये भी पढ़ें- Gold Silver Rate: सस्ता होता जा रहा सोना-चांदी, जानिए क्या हैं 12 जून के दाम
इस लिंक को शेयर करें


