PM Modi Man ki Baat: प्रधानमंत्री मोदी की 'मन की बात' पर बोले राज्यवर्धन सिंह राठौड़- देश आत्मनिर्भरता और सुरक्षा की दिशा में तेजी से बढ़ रहा

Jaipur: राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने रविवार को झोटवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' की 135वीं कड़ी सुनी। कार्यक्रम के बाद उन्होंने क्षेत्रवासियों से संवाद करते हुए प्रधानमंत्री के संदेशों पर चर्चा की।
‘ये जनता से संवाद का सशक्त माध्यम’
कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत राष्ट्रीय सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि 'मन की बात' केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता से संवाद का सशक्त माध्यम बन चुका है, जिसमें समसामयिक विषयों पर सार्थक चर्चा होती है।
सामाजिक सुरक्षा का उठाएं लाभ
कैबिनेट मंत्री राज्यवर्धन ने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इस योजना से 58 करोड़ से ज्यादा लोगों का जुड़ना केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी सोच और प्रभावी कार्यप्रणाली का प्रमाण है। उन्होंने नागरिकों से सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का ज्यादा से ज्यादा लाभ उठाने की अपील भी की।
‘योग को मिली वैश्विक पहचान’
राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज भारत की सांस्कृतिक विरासत पूरी दुनिया में सम्मान के साथ स्वीकार की जा रही है। उन्होंने रक्षा क्षेत्र में हो रहे नवाचारों का भी जिक्र करते हुए कहा कि समुद्र से लेकर आसमान तक भारत की सुरक्षा इंतजाम पहले से ज्यादा मजबूत हुई है, जिससे देशवासियों में सुरक्षा और आत्मविश्वास की भावना बढ़ी है।
कार्यक्रम के आखिर में कैबिनेट मंत्री ने झोटवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के लोगों से प्रधानमंत्री के आह्वान के अनुरूप सामाजिक और जन सुरक्षा के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने और सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ने की अपील की।
ये भी पढ़ें- कोटा में 2 कोचिंग स्टूडेंट्स की मौत, आत्महत्या या हत्या! एक JEE की छात्रा तो दूसरा NEET का छात्र
इस लिंक को शेयर करें

