टेलीग्राम पर फर्जी नीट पेपर लीक करने वाला 19 साल का छात्र भीलवाड़ा से गिरफ्तार

NEET Re Exam Paper Leak Fake Video: बीती शाम सोशल मीडिया पर एक वीडियो धड़ल्ले से वायरल हुआ जिसमें ये दिखाया गया था कि गुलाबी रंग के पैंकिंग में सील नीट के पेपर खोले जा रहे हैं। जिसमें प्रश्नपत्र साफ-साफ दिखाई दे रहा है। इस वीडियो को पोस्ट करने वाले ने ये दावा किया कि वायुसेना के विमान ने पेपर लाए गए फिर ये लीक हो रहा है। हालांकि NTA ने पुष्टि कर इसे फेक वीडियो बताया लेकिन इसके बाद से सुरक्षा एजेंसियां और पुलिस प्रशासन इस तरह के वीडियो प्रसारित करने वालों को ढूंढ कर कड़ी कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में भीलवाड़ा में भी अब कड़ी कार्रवाई हुई। यहां पुलिस ने एक 19 साल के छात्र आकाश चौधरी को गिरफ्तार किया है।
वीपीएन की मदद से चला रहा था टेलीग्राम
ये कार्रवाई भीलवाड़ा के प्रताप नगर थाना पुलिस ने की है। टीम ने पटेल नगर विस्तार से आरोपी को गिरफ्तार किया। आकाश चूरू जिले का रहने वाला है। वो साइंस स्ट्रीम का छात्र है। आरोपी आकाश वीपीएन से टेलीग्राम चला रहा था। उसने टेलीग्राम पर पेपर माफिया नाम से एक चैनल बनाया हुआ है। इसी चैनल पर वो भीलवाड़ा के ही कुछ और युवकों के साथ फर्जी पेपर अपलोड कर रहा था। इनका प्लान था कि इस तरह के फर्जी पेपर को असली बताकर वो छात्रों से कमाई करेंगे।
नेटवर्क के बाकी लोगों की तलाश जारी
घटना की जानकारी देते हुए प्रताप नगर थाना पुलिस सुनील ताडा ने कहा कि एसपी ऑफिस के पास ये इनपुट मिला था कि भीलवाड़ा के ही कुछ युवक टेलीग्राम पर इस तरह की हरकत कर रहे हैं, वो भी तब जब नीट पेपर लीक रोकने के लिए सरकार ने टेलीग्राम पर बैन लगाया हुआ है। इसके बाद टीम ने भीलवाड़ा में कई इलाकों में दबिश दी। जिसके बाद इस नेटवर्क का भंडाफोड़ हुआ। आकाश से पूछताछ कर इस नेटवर्क के बाकी लोगों की भी तलाश की जा रही है।
NTA ने साफ कहा- इस तरह के वीडियो पर मत दें ध्यान
बता दें कि NTA यानी नेशनल टेस्टिंग एजेंसी, जो कि ये नीट का पेपर आयोजित कर रही है, ने साफ-साफ ये कहा है कि छात्र या अभिभावक सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे इस तरह के वीडियो पर भरोसा ना करें। NTA ने कहा कि बेहतर होगा कि 21 जून को नीट रिएग्जाम की तैयारी कर रहे छात्र अब सोशल मीडिया से दूर ही रहें। वे अपनी पढ़ाई और किसी भी तरह के नकारात्मक सूचना से दूर रहे। गौरतलब है कि नीट पेपर लीक की वजह से अब तक राजस्थान समेत पूरे देश में अब तक लगभग 10 स्टूडेंट्स ने आत्महत्या कर ली है।
ये भी पढ़ें- RPSC समेत 9 आयोग के मुखिया की नियुक्तियों की राह ताक रही जनता, बेनीवाल ने बीजेपी सरकार पर लगाया लापरवाही का आरोप
इस लिंक को शेयर करें

