8 दिन में ही राजस्थान में कमजोर पड़ा मानसून, सामान्य से कम हुई बारिश, अब बढ़ेगी तपन

Rajasthan Monsoon condition: राजस्थान समेत देश के हर प्रदेश और जिले को मानसून ने कवर लिया है। यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा, मध्य प्रदेश, गुजरात समेत लगभग सभी राज्य मानसून से तरबतर हो रहे हैं। लेकिन राजस्थान में महज 8 दिनों में ही मानसून की रफ्तार थोड़ी धीमी हो गई है। मौसम विभाग के मुताबिक अब यानी 10 जुलाई के बाद से मानसून को दोबारा एक्टिव होने में लगभग 7 से 10 दिन का समय लगेगा।
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक सीजन में 110.06 मिमी बारिश दर्ज की गई है। यानी 8 दिनों में सिर्फ 46 मिमी पानी ही बरसा है। राजस्थान के 18 जिलों में मानसून असामान्य है, 18 में सामान्य तो 5 में बरसा ही नहीं। पश्चिमी राजस्थान के हिस्सों में मानसून देरी से पहुंचा है।
मौसम विभाग जयपुर केंद्र ने आज यानी 10 जुलाई को भरतपुर, जयपुर, कोटा संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना जताई है। वहीं हनुमानगढ़, करौली और धौलपुर में भी कहीं-कहीं बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं 30 से 50 किमी की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
तय समय से दो दिन पहले ही मानसून ने पूरे देश को किया कवर
वैसे तो पूरे देश को कवर करने की सामान्य तारीख 8 जुलाई होती है। लेकिन 9 तारीख को इस बार मानसून ने पूरे देश को कवर किया है। यानी एक दिन की देरी हुई है। दूसरी बात ये कि मानसून को पूरा देश कवर करने में 38 दिन लगते हैं लेकिन इस बार सिर्फ 36 दिन लगे हैं। यानी 2 दिन पहले ही ये कवरेज मानसून ने कर ली है। पूरे देश में जुलाई के पहले 9 दिनों में 101.9 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य यानी 73.8 मिमी से करीब 38% ज्यादा है।
बीते दिन इन जिलों में हुई बारिश
9 जुलाई को केकड़ी (जिला अजमेर) में 6 सेमी, अंता (जिला बारां) में 3 सेमी, बानसूर (जिला अलवर) में 3 सेमी, लछमनगढ़ (जिला सीकर) में 2 सेमी, रामगढशेखातान (जिला सीकर) में 1 सेमी, फ़तेहपुर (जिला सीकर) में 1 सेमी बारिश दर्ज की गई है।
नवलगढ़ (जिला झंझनू) में 1 सेमी, देवली (जिला टोंक) में 1 सेमी, पिलानी (जिला झंझनू) में 1 सेमी, उदयपुर-वाटी (जिला झंझनू) में 1 सेमी, शाहाबाद (जिला बारां) में 1 सेमी और 1 CM से कम कहीं-कही बारिश हुई है।
इसके अलावा चूरू तहसील (जिला चूरू) में 3 सेमी, चूरू (जिला चूरू) में 3 सेमी, तारानगर/रेणी (जिला चूरू) में 3 सेमी, रावतसर (जिला हनुमानगढ़) में 1 सेमी और 1 CM से कम कहीं-कहीं बारिश हुई है।
ये भी पढ़ें- बीकानेर में व्यापारी से फोन पर मांगी 5 करोड़ की फिरौती, पैसे नहीं देने पर परिवार को जान से मारने की धमकी
इस लिंक को शेयर करें

