पानी के मुद्दे पर भजनलाल सरकार पर Ex CM गहलोत का निशाना, बोले- मंत्री अपने खुद के गांव को पानी नहीं पिला सकते

Ashok Gehlot: राजस्थान के कई जिले इस भीषण गर्मी में पानी की कमी से जूझ रहे हैं। जयपुर, दौसा, भरतपुर, अलवर जैसे पूर्वी जिलों के साथ-साथ पश्चिमी जिले भी इस संकट से दो-चार हो रहे हैं। पानी के कुप्रबंधन को लेकर कांग्रेस लगातार बीजेपी पर हमलावर हो रही है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अब संसदीय कार्यमंत्री जोगाराम पटेल पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि मंत्री अपने खुद के गांव को पानी नहीं पिला पा रहे हैं तो आम आदमी का क्या ही होगा।
विभाग ने गांव वालों पर ही कर दी FIR
गहलोत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि जोधपुर के धुंधाड़ा गांव में ग्रामीणों ने कैबिनेट मंत्री और इसी गांव के निवासी जोगाराम पटेल के सामने पानी की किल्लत की समस्या रखी और पानी दिलाने की मांग की थी। मंत्रीजी पानी तो नहीं दिला सके, उल्टा पेयजल विभाग ने ग्रामीणों पर राजकार्य में बाधा डालने की FIR दर्ज करवा दी। गहलोत ने कहा कि पानी मांगोगे तो जेल जाओगे! राजस्थान में भाजपा सरकार का नया 'डबल इंजन' सर्कस है।
पानी मांगोगे तो जेल जाओगे! राजस्थान में भाजपा सरकार का नया 'डबल इंजन' सर्कस।
जोधपुर के धुंधाड़ा गांव में ग्रामीणों ने कैबिनेट मंत्री एवं इसी गांव के निवासी श्री जोगाराम पटेल के सामने पानी की किल्लत की समस्या रखी और पानी दिलाने की मांग की थी। मंत्रीजी पानी तो नहीं दिला सके, उल्टा…
— Ashok Gehlot (@ashokgehlot51) June 3, 2026
‘तो किससे उम्मीद करे जनता’
गहलोत ने आगे लिखा कि जोधपुर जिले से वे इस सरकार में एकमात्र कैबिनेट मंत्री हैं। ऐसे में जोधपुर के लोग उनसे उम्मीद नहीं करेंगे, तो फिर किससे करेंगे? क्या वे जनता की इस मूलभूत आवश्यकता को भी पूरा नहीं कर सकते?
ये दिखाता है कि सत्ता के मद में सरकार के मंत्रियों और प्रशासन की मति भ्रष्ट हो चुकी है। इससे पूर्व में जब मंत्री जोराराम कुमावत से पेयजल की मांग की गई थी, तब गांववालों के बिजली और पानी के कनेक्शन काट दिए गए थे। ऐसा लगता है कि भाजपा सरकार अब संवेदनहीनता और अभिमान की पराकाष्ठा पर पहुंच गई है, जिसकी वजह से वो ऐसा तानाशाही रवैया अपना रही है जो अत्यंत भर्त्सनीय है।
ये भी पढ़ें- नीट पेपर लीक पर पहली बार राजस्थान के मंत्री ने मानी सरकार की गलती! जानें क्या कहा?
ये भी पढ़ें- ISI-बब्बर खालसा राजस्थान के गैंगस्टर्स को दे रहे ऑफर, 5 किलो ड्रग्स पर जगीना पिस्टल फ्री
इस लिंक को शेयर करें

