Ajmer: JLN अस्पताल के बाहर अनिश्चितकालीन धरना शुरू, बीजेपी नेता अमरचंद जाजड़ा के भाई देवकरण की मौत मामले में नहीं बनी सहमति

अजमेर के जेएलएन अस्पताल की मोर्चरी के बाहर बीजेपी नेता और परबतसर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली पीह ग्राम पंचायत के सरपंच अमरचंद जाजड़ा के साथ परिजनों और समर्थकों ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। अमरचंद अपने बड़े भाई देवकरण जाजड़ा की संदिग्ध हालातों में मौत के मामले में न्याय की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि उनके बड़े भाई की किसी ने साजिशन हत्या की है। इसकी जांच और आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचाया जाए। पुलिस प्रशासन से भी सुबह इन लोगों के बात हुई लेकिन कोई सहमति नहीं बनी।
आज पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पुख्ता हो सकेंगे तथ्य
मामले की जानकारी देते हुए ASP ग्रामीण लालचंद कायल ने मीडिया को बताया कि सोमवार को जाजड़ा की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आएगी जिसके बाद ही कहा जा सकता है कि आखिर मौत कैसे हुई थी। उन्होंने कहा कि छातड़ी गांव में देवकरण जाजड़ा बेहोशी की हालत मिले थे। यहां से गेगल थाना पुलिस ने जेएलएन अस्पताल पहुंचाया लेकिन वहां पर डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अजीबोगरीब हरकतें कर रहे थे देवकरण
देवकरण के आखिरी वक्त के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। जिसमें वो अजीबोगरीब हरकतें करते नजर आ रहे थे। कभी वो भागते-कूदते, कभी चिल्लाते कि बचाओ, पुलिस पीछे पड़ी है, कभी वो पेड़ के पीछे छिपने की कोशिश करते, कभी वो पास ही पड़ी लकड़ी और पटिया से खुद को छिपाने की कोशिश करते दिखते।
ये सारे वीडियो लोगों ने अपने घरों से बनाकर पोस्ट किए हैं। उनका दावा है कि कोई अनजान शख्स भागते हुए उनके घरों में आकर इस तरह की छिपने की कोशिश कर रहा था लेकिन फिर वो काफी अजीब हरकतें करने लगा तो किसी की हिम्मत नहीं हुई कि कोई उसकी मदद कर दे।
नदी क्षेत्र में कैसे फंसी कार?
पुलिस और ग्रामीणों की दी जानकारी के मुताबिक देवकरम छातड़ी-चचियावास गांव में अपने लग्जरी गांव में पहुंचे थे। उनकी कार नदी क्षेत्र में फंसी मिली थी। गांव वालों का कहना है इसके बाद वो शख्स (देवकरण) भागते हुए एक ग्रामीण के खेत में पहुंचा, वो वहां पर उस शख्स की बाइक स्टार्ट कर लेकर जाने की कोशिश करने लगे, तभी ग्रामीणों ने उससे बाइक छुड़ा ली। इसके बाद वो दूसरे ग्रामीण के मकान में घुस गया वो लगातार बचाओ-बचाओ चिल्ला रहा था, कहता पुलिस पीछे पड़ी है। उसने घरवालों से पीने को पानी भी मांगा।
इसी तरह भागते-भागते वो घरे के सामने खड़े पेड़ के पास चला गया वहां वो जमीन पर लोटने लगा, अजीब हरकतें करने लगा, कुछ देर बाद वहीं बेहोश हो गया। ग्रामीणों की सूचना पर ही गेगल पुलिस वहां पहुंची और उसे अस्पताल में भर्ती कराया। अमरचंद जाजड़ा का कहना है कि मेरे भाई की साजिशन हत्या की गई है। उन्हें किसी ने कुछ खिला-पिला दिया है, जिससे उनकी इतनी दर्दनाक मौत हुई है।
बेनीवाल ने उठाई जांच की मांग
इस मामले में नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने भी सोशल मीडिया पर बयान दिया है। उनका कहना है कि नागौर संसदीय क्षेत्र के डीडवाना - कुचामन जिले की ग्राम पंचायत - पीह के सरपंच और भारतीय जनता पार्टी के नेता अमरचंद जाजड़ा के भाई देवकरण की अजमेर जिले के गेगल थाना क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत की खबर अत्यंत दुःखद है,स्थानीय लोगों के मुताबिक प्रथम दृष्टया ये हत्या का मामला है।
बेनीवाल ने कहा कि उन्होंने राज्य सरकार के उच्च अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता करके मामले का त्वरित उच्च स्तरीय अनुसंधान करके न्यायोचित कार्यवाही करने को कहा है|
परबतसर विधायक ने जताई चिंता
वहीं परबतसर विधायक रामनिवास गावड़िया ने जाजड़ की मौत पर शोक जताया और कहा कि पीह के पूर्व सरपंच और बीजेपी नेता अमरचंद जाजड़ के भाई देवकरण की मौत का समाचार चिंताजनक है।
ये भी पढ़ें- जयपुर में अवैध पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट केस में मुख्य आरोपी फिरोज गाजियाबाद से गिरफ्तार
ये भी पढ़ें- सीएम के गृह जिले में बदमाशों का आतंक, भरतपुर में एक ही रात में दो व्यापारियों को गोली मारी, पैसों से भरा बैग लूटा
इस लिंक को शेयर करें

