बीकानेर में कार-ट्रक के बीच भीषण टक्कर, एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत, मुकाम दर्शन कर लौट रहे थे हरियाणा

Bikaner Road Accident: बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में सोमवार दोपहर को कार और ट्रक की भिड़ंत हो गई। हादसे में हरियाणा के रहने वाले एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई। जबकि एक बच्चा गंभीर घायल हुआ है। हादसा नेशनल हाइवे 11 पर हेमासर फांटे के पास सिजराल होटल के पास हुआ। टक्कर इतनी भयंकर थी कि कार का आगे का हिस्सा पूरी तरह पिचक गया। वहीं कार सवार लोग अंदर ही फंस गए।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। एंबुलेंस की मदद से सभी लोगों को श्रीडूंगरगढ़ स्थित जिला हाॅस्पिटल में भिजवाया। जहां चिकित्सकों ने सभी को मृत घोषित कर दिया। वहीं एक बच्चे का इलाज फिलहाल हाॅस्पिटल में चल रहा है।
मुकाम दर्शन कर लौट रहे थे
हादसे की जानकारी देते हुए श्रीडूंगरगढ़ सीओ निकेत पारीक ने बताया कि हादसा हेमासर फांटे के पास हुआ। हरियाणा नंबर की कार में कुल 7 लोग सवार थे। सभी हरियाणा के फतेहाबाद के रहने वाले थे। बीकानेर स्थित बिश्नोई समाज के आराध्य गुरु जंभेश्वर भगवान की समाधि स्थल मुकाम के दर्शन कर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। इस हादसे में तीन पुरुष, एक महिला, एक बच्ची और बच्चे की मौत हो गई। हादसे में घायल एक बच्चे का श्रीडूंगरगढ़ के हाॅस्पिटल में इलाज चल रहा है। दुर्घटना के बाद नेशनल हाइवे 11 पर जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को साइड में करवाया और यातायात चालू करवाया।
ये भी पढ़ेंः इस्लामपुर का नाम बदलने के विरोध में राजेंद्र गुढ़ा का पैदल मार्च, तबीयत बिगड़ी तो सड़क पर लेटे, बोले- 'नाम बदला तो इनका नाम बदल देंगे'
ये भी पढ़ेंः झालावाड़ में 21 लोगों से भरा लोडिंग टेंपो पलटा, 3 की मौत 16 घायल, दर्शन कर लौट रहे थे
इस लिंक को शेयर करें

