होम/rajasthan/cm-bhajan-lal-sharma-on-ashok-gehlot-over-yamuna-water-agreement

यमुना जल समझौते के बाद जयपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल का भव्य स्वागत, गहलोत पर बोले- माला बाद में पहनाना पहले ये बताइए...

यमुना जल समझौते के बाद जयपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल का भव्य स्वागत, गहलोत पर बोले- माला बाद में पहनाना पहले ये बताइए...
राजस्थान
30 Jun 2026, 05:43 pm
रिपोर्टर : Jyoti Sharma

CM Bhajan Lal Sharma: नई दिल्ली में 32 साल पुराने राजस्थान और हरियाणा के यमुना जल विवाद का समझौता जो हुआ उसकी चर्चा सिर्फ राजस्थान में ही नहीं बल्कि पूरे देश में हो रही है। यमुना जल समझौते को राजस्थान की बीजेपी सरकार की एक बड़ी उपलब्धि तो मानी ही जा रही है साथ ही केंद्र की मोदी सरकार के लिए भी ये एक मील का पत्थर साबित हो रहा है। दूसरी तरफ मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ये समझौता कर अपने विरोधियों और आलोचकों के मुंह भी बंद कर दिए हैं। ये बात मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी कही कि जो लोग ये कहते थे कि जब देखो भजनलाल शर्मा दिल्ली चले जाते हैं। अरे दिल्ली जाते हैं तो वहां से राजस्थान की जनता के लिए कुछ ना कुछ लेकर आते हैं।

शेखावाटी के कार्यकर्ताओं और महिला किसानों ने दिए उपहार

CMR में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का कार्यक्रम में जोरदार स्वागत हुआ। लगभग सभी मंत्री वहां मौजूद थे। जयपुर में एयरपोर्ट से लेकर CMR तक कई जगह उनका स्वागत-सत्कार हुआ था। शेखावाटी के नेताओं और कार्यकर्ताओं की तरफ से 51 किलो की माला पहनाई और शेखावाटी की महिला किसानों ने सीएम को मटका उपहार में दिया।

“कांग्रेस कहती थी ये असंभव है”

अपने स्वागत समारोह में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि आज राजस्थान के हर क्षेत्र से कार्यकर्ता आए हैं, भरतपुर से बाड़मेर तक के कार्यकर्ता जयपुर आए हैं, ढाई साल में हमारी सरकार ने हर क्षेत्र में काम किया है, इंदिरा गांधी नहर का काम भी हमारी सरकार ने ही किया है, हमने जब रोड मैप बनाया तब देखा कि राजस्थान के लिए क्या जरूरी है, सभी जनप्रतिनिधि ने कहा कि राजस्थान के लिए पानी की जरूरत सबसे बड़ी है।

भजनलाल ने कहा कि कांग्रेस के लोग कहते थे कि ये असंभव है, लेकिन मैंने विधानसभा में कहा था कि आप देखते रहिए आगे आगे होता है क्या, कांग्रेस के लोगों को पता नहीं कि मोदीजी जो वादा करते हैं वो पूरा भी करते हैं। उन्होंने कहा कि अशोक गहलोत मुझे माला पहनाने की बात करते हैं तो वो माला बाद में पहनाएं पहले ये बताएं कि जब हरियाणा में चुनाव था, तब वहां कांग्रेस के मंच से कहा गया कि हमारी सरकार आई तो राजस्थान से यमुना जल समझौते को रद्द कर देंगे तब कांग्रेस के मंच पर राजस्थान के कांग्रेस के नेता मौजूद थे। क्या वो सहमत थे कि शेखावाटी को पानी नहीं मिले। तो इसका जवाब दे कांग्रेस के नेता, लेकिन मेरा यही कहना, हम जो कहते हैं वो करते हैं, मोदी है तो मुमकिन है।

“दिल्ली जाता हूं तो प्रदेश के लिए कुछ ना कुछ लेकर आता हूं”

भजनलाल शर्मा ने कहा कि यमुना जल मामले में मैंने थोड़ी सी चिंता दिखाई तो पीएम मोदी ने उन्होंने योजनाओं के लिए पैसे दिए। शेखावाटी के लोगों की मांग थी, मैंने अपने दौरे में वहां के लोगों को आश्वस्त किया। मेरे कई बार दिल्ली जाने पर सवाल उठे, मैं जाऊंगा जरूर जाऊंगा प्रदेश के विकास के लिए।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वो तो अपनी सरकार बचाने के लिए दिल्ली जाते थे, कांग्रेस के समय में तो पेपर लीक होते थे, पहले बिजली की ये स्थिति थी, "आ" और फिर "गई", आज किसान को दिन में भी बिजली मिल रही है। इनके एक नेता ने कहा था कि आलू से सोना उगाएंगे वो, उसका तो मुझे पता नहीं लेकिन अगर शेखावाटी में पानी आएगा तो मेरा शेखावाटी का किसान जमीन से सोना उगाएगा।

“बिना प्लानिंग से बनाई मेट्रो का दंश आज तक हम झेल रहे”

सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि कांग्रेस सरकार में बिना प्लानिंग से मेट्रो ले आए जिसका दंश आज भी झेल रहे हैं हम। हमने मेट्रो के काम को नए सिरे से गति दी, ERCP के जरिए 17 जिलों को पानी मिलेगा, देवास योजना को हमने लागू किया, साढ़े तीन किलोमीटर का टनल यहां बनेगा, मेरा कार्यकर्ताओं से कहना है कि जहां ERCP का काम चल रहा वहां उन्हें जाना चाहिए और सेल्फी खींचकर सोशल मीडिया पर डालना चाहिए।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेशवासियों के स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया और कहा कि यमुना जल समझौता राजस्थान की जल सुरक्षा की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि माँ यमुना का जीवनदायिनी जल शेखावाटी सहित प्रदेश के लाखों परिवारों के जीवन में नई आशा, खुशहाली और समृद्धि लेकर आएगा।

ये भी पढ़ें- पाइपलाइन में गहलोत-डोटासरा-जूली ट्रक लेकर शेखावाटी पहुंच जाएंगे, भागीरथ हैं CM भजनलाल- मदन राठौड़

ये भी पढ़ें- “पानी किन शर्तों पर आया, पहले वो बताओ” यमुना जल पर CM पर गहलोत का पलटवार


इस लिंक को शेयर करें

ads

लेटेस्ट खबरें

ads
© 2026 Bharat Raftar. All rights reserved. Powered By Zentek.