सचिन पायलट को CM बनते देखना चाहते थे बेनीवाल, किरोड़ी की ईमानदारी पर दिया बयान

Hanuman Beniwal: RLP सुप्रीमो और फायरब्रांड नेता हनुमान बेनीवाल ने बीते दिन मीडिया के समाने कई ऐसी बातें कहीं जो राजस्थान की राजनीति में अब खूब सुनी जा रही हैं। बीते दिन जयपुर स्थित अपने आवास पर प्रेस कांफ्रेंस कर उन्होंने राजस्थान की राजनीति में छाए कई मुद्दों पर अपनी बात रखी। अशोक गहलोत सचिन पायलट से लेकर किरोड़ी लाल मीणा तक उन्होंने अपना पक्ष रखा। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की सरकार पर हमला बोल दिया है।
किरोड़ी पर सवाल उठा रहे बाकि मंत्रियों पर कार्रवाई क्यों नहीं?
हनुमान बेनीवाल ने सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए सीधे शब्दों में कहा है- किरोड़ीलाल के साथ मैं लंबे समय से रहा हूं। कोई भी यह सोच तक नहीं सकता कि इस तरह के मामलों में किरोड़ी का नाम आ सकता है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की सरकार अपने ही एक मंत्री को कटघरे में खड़ा कर रही है, लेकिन बाकी घपलों, घोटालों और अन्य मंत्रियों के कारनामों पर यह सरकार चुप क्यों है? बेनीवाल ने जलदाय मंत्री कन्हैयालाल चौधरी, डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा, ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर और केके बिश्नोई का नाम लेते हुए कहा कि इनके काम-काज की जांच क्यों CM नहीं कर रहे हैं।
जानबूझ कर किरोड़ी को बना रहे निशाना
बेनीवाल का आरोप है कि सरकार में बैठे कुछ लोग और आला अफसर जानबूझकर किरोड़ी लाल मीणा को निशाना बना रहे हैं, उनके करीबियों के फोन सर्विलांस पर रखे जा रहे हैं। बेनीवाल ने सीधे मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का नारा था 'ना खाऊंगा, ना खाने दूंगा' लेकिन राजस्थान में भजनलाल सरकार का नारा बदल चुका है।
हनुमान बेनीवाल का साफ कहना है कि भजनलाल सरकार को अधिकारी चला रहे हैं और सरकार में केवल एक मंत्री को टारगेट किया जा रहा है, जबकि UDH), PWD, परिवहन और स्वास्थ्य महकमों में चल रहे बाकी घपलों पर मुख्यमंत्री ने रहस्यमयी चुप्पी साध रखी है।
‘सचिन पायलट को मुख्यमंत्री बनते देखना चाहता था’
हनुमान बेनीवाल ने सचिन पायलट और अशोक गहलोत पर कहा कि सचिन पायलट मानेसर गए थे उसमें गलत क्या था। उस समय भारी लेन-देन हुआ था। ये तो पूरी दुनिया को पता है। भारी भ्रष्टाचार मानेसर की घटना में हुआ था। बीजेपी कांग्रेस में फिर समझौता हुआ था कि ना वो हमारे मामले सामने लाए ना वो उनके। फिर वो मामला छिप गया। हम भी चाहते थे कि गहलोत की सरकार गिरे और सचिन पायलट CM बनें। वहीं अशोक गहलोत के सचिन पायलट पर मानेसर कांड की टिप्पणी पर कहा कि “अब उनका आरोप, उनका आपसी झगड़ा है। पायलट उनका जवाब दे रहे हैं, क्यों नहीं करें? अच्छा, पायलट साहब क्यों नहीं बोल रहे हैं? आजकल क्या हो गया है उनके साथ?”
ये भी पढ़ें- क्या राजस्थान एक बार फिर देखने को तैयार है गहलोत पायलट की अदावत...वार-पलटवार का शुरु हो चुका है दौर
ये भी पढ़ें- जनता के सामने किरोड़ी का हूंकार, बोले- ऐसी कोई हथकड़ी नहीं जो मेरे हाथों में डल सके
इस लिंक को शेयर करें

