Jagan Gurjar Funeral: डकैत जगन गुर्जर के अंतिम संस्कार में उमड़े 6000 से ज्यादा लोग, जेल से आए तीनों भाई भी शामिल

Jagan Gurjar last Rites: कुख्यात डकैत जगन गुर्जर का बुधवार को उसके पैतृक गांव विभूतिपुरा में अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार में आसपास के गांवों समेत कई इलाकों से समाज के 6 हजार से ज्यादा लोगों के शामिल होने का दावा किया गया। इस दौरान अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल और धौलपुर जेल में बंद उसके तीनों भाई पप्पू गुर्जर, लाल सिंह और पान सिंह पैरोल पर अंतिम संस्कार में शामिल होने पहुंचे।
जगन गुर्जर का शव मंगलवार रात पोस्टमार्टम के बाद अजमेर से उसके गांव लाया गया। बुधवार सुबह अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग उसके घर पहुंचे। बाद में शव को श्मशान घाट ले जाया गया, जहां उसके बेटे आसाराम ने मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार से पहले पैरोल पर पहुंचे तीनों भाइयों पप्पू गुर्जर, लाल सिंह और पान सिंह ने उसे अंतिम विदाई दी।
अंतिम संस्कार के दौरान पुलिस के कड़े सुरक्षा इंतजाम
अंतिम संस्कार के दौरान कड़ी पुलिस सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। पुलिस की निगरानी में तीनों भाइयों को श्मशान घाट लाया गया और रस्में पूरी होने के बाद उन्हें वापस संबंधित जेलों के लिए रवाना कर दिया गया।
पप्पू गुर्जर ने कार्रवाई की मांग की
इस दौरान पप्पू गुर्जर ने अपने भाई की हत्या को साजिश बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। उनका दावा था कि जिस व्यक्ति पर हत्या का आरोप लगाया जा रहा है, वह जगन का करीबी था और वह हत्या नहीं कर सकता। हालांकि पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है और इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
जेल में हुई थी जगन की हत्या
गौरतलब है कि सोमवार को अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल में जगन गुर्जर की कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस के अनुसार, हत्या का आरोप उसी बैरक में बंद कैदी विष्णु जाट पर है। घटना के बाद जेल की सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी निगरानी को लेकर भी कई सवाल उठे हैं, जिनकी जांच जारी है।
करीब दो दशक तक चंबल के बीहड़ों में सक्रिय रहे जगन गुर्जर के खिलाफ राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में हत्या, अपहरण, डकैती, रंगदारी और लूट समेत 120 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज थे।
ये भी पढ़ें- वसुंधरा को धमकी, पायलट के सामने सरेंडर...बेहद रोचक था डकैत जगन गुर्जर का इतिहास
ये भी पढ़ें- जगन गुर्जर ने क्यों की थी 3 शादियां? तीसरी तो राजस्थान की पहली महिला डकैत, खूबसूरत इतनी कि देखने के लिए कोर्ट के बाहर लगती भीड़
इस लिंक को शेयर करें

