वसुंधरा को धमकी, पायलट के सामने सरेंडर...बेहद रोचक था डकैत जगन गुर्जर का इतिहास

Jagan Gurjar: राजस्थान के कुख्यात दस्यु जगन गुर्जर की मौत के बाद मीडिया-सोशल मीडिया समेत प्रदेश भर में उसकी चर्चा हो रही है। जगन गुर्जर जो कभी दूध बेचने के काम करता था लेकिन परिस्थितियों ने उसे अपराध की दुनिया का सरताज बना दिया। जगन गुर्जर ऐसा नाम था जिससे बीहड़ से लेकर सत्ता के गलियारे तक खौफ खाते थे।
गुर्जर आंदोलन के दौरान वसुंधरा के घर को उड़ाने की दी धमकी
धौलपुर के एक छोटे से गांव में कभी साइकिल पर दूध बेचने वाला जगन गुर्जर करीब 30 साल पहले अपराध की दुनिया में उतरा और बीहड़ का बेताज बादशाह बन गया। साल 2008 में उसका नाम सुर्खियों में तब छाया, जब गुर्जर आंदोलन से पूरा प्रदेश उबल रहा था। भरतपुर के पीलूपुरा में आंदोलन के वक्त उसने तत्कालीन मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के धौलपुर स्थित 'राज निवास पैलेस' को बम से उड़ाने की धमकी दी थी। जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई थीं। क्योंकि जिस दिन उसने राजे को धमकी दी थी उसी दिन धौलपुर के नयापुरा में एक हत्या में उसका नाम आया था। उसे पकड़ने के लिए पूरे प्रदेश में युद्धस्तर का सर्च ऑपरेशन पुलिस ने चलाया था। पुलिस ने उस पर 11 लाख का इनाम तक रख दिया था।
सचिन पायलट के सामने डाल दिए हथियार
फिर 2009 में वो अपनी गैंग के साथ करौली के देवनारायण मेले में पहुंचा। उस मेले में कांग्रेस के दिग्गज नेता सचिन पायलट भी मौजूद थे। सचिन पायलट के सामने उसने और उसकी गैंग ने हथियार जमीन पर डाल दिए और आत्मसमर्पण कर दिया। इसके बाद वो 8 साल तक जेल में रहा था फिर 6 मार्च 2017 को उसे राजस्थान हाईकोर्ट ने जमानत दे दी। लेकिन जेल से बाहर आने के बाद भी वो सुधरा नहीं, उसने फिर आपराधिक दुनिया में कदम रख दिया।
ये भी पढ़ें- लूडो खेलते-खेलते ऐसा क्या हुआ कि कैदी विष्णु ने कर दी जगन गुर्जर की हत्या! लोग बोले- अब तो इस खेल से लगने लगा है डर?
2017 में जेल से आने के बाद पत्नी को चुनाव लड़वाया
साल 2017 के विधानसभा चुनाव में अपनी पत्नी ममता को मैदान में उतारकर राजनीति में भी हाथ आजमाया था। लेकिन अपराधी छवि के चलते किसी ने भी ममता का साथ नहीं दिया। ऐसे में ये चुनाव वो हार गईं। लेकिन जगन के काले कारनामे नहीं थमे। जिसके बाद 2022 में भी अलग-अलग मामलों में सरेंडर करने के बाद जेल गया था।
ये भी पढ़ें- जगन गुर्जर की मौत पर भड़के हनुमान बेनीवाल, सरकार से जांच की उठाई मांग
इस लिंक को शेयर करें

