Trendingट्रेंडिंग
वेब स्टोरी

और देखें
वेब स्टोरी

Rajasthan News: गहलोत के धरने से पहले भजनलाल सरकार का बड़ा फैसला, गांधी वाटिका 2 अक्टूबर से खुलेगी

जयपुर में गांधी वाटिका म्यूजियम को लेकर सियासत गरमा गई थी, लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के दबाव और जनता के समर्थन के चलते भजनलाल सरकार ने इसे 2 अक्टूबर से आम जनता के लिए खोलने का फैसला लिया। 

Rajasthan News: गहलोत के धरने से पहले भजनलाल सरकार का बड़ा फैसला, गांधी वाटिका 2 अक्टूबर से खुलेगी

राजस्थान में महात्मा गांधी को लेकर राजनीतिक माहौल गरमाया हुआ है। राजधानी जयपुर में पूर्ववर्ती सरकार द्वारा निर्मित गांधी वाटिका को आम जनता के लिए खोलने की मांग जोर पकड़ रही थी। इस मांग के समर्थन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी आवाज उठाई थी। उन्होंने गांधी वाटिका को चालू करने के लिए धरने का ऐलान तक कर दिया था। इस दबाव के चलते मौजूदा भजनलाल सरकार ने बुधवार को एक बड़ा निर्णय लिया है।

ये भी पढ़ें-

भजनलाल सरकार ने की घोषणा

भजनलाल सरकार ने घोषणा की है कि गांधी वाटिका म्यूजियम (Gandhi Vatika Museum) का संचालन 2 अक्टूबर, गांधी जयंती से शुरू किया जाएगा। यह म्यूजियम अब पर्यटन विभाग के अधीन रहेगा, जो इसका संचालन करेगा। इसके साथ ही मुख्यमंत्री भजनलाल ने गांधी वाटिका के सुचारू संचालन के लिए एक विशेष समिति के गठन के निर्देश भी दिए हैं। यह समिति वाटिका के प्रबंधन के साथ-साथ गांधीजी के सिद्धांतों और मूल्यों के प्रचार-प्रसार के लिए भी सुझाव देगी।

गांधी वाटिका खोलना जनभावना की जीत

सरकार के इस फैसले के बाद, अशोक गहलोत ने इसे जनभावना की जीत बताया। उन्होंने कहा कि गांधी वाटिका को फिर से खोलने की घोषणा एक बड़ी उपलब्धि है और यह जनता के समर्थन का नतीजा है। गहलोत ने दावा किया कि धरने की घोषणा के बाद से उन्हें ऐतिहासिक और अभूतपूर्व जनसमर्थन मिला, जिसके दबाव में सरकार को यह निर्णय लेना पड़ा।

गौरतलब है कि गहलोत सरकार के समय गांधी वाटिका म्यूजियम की स्थापना की गई थी, जिसका उद्घाटन सितंबर 2022 में राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने किया था। लेकिन, राज्य में भाजपा सरकार के आने के बाद इस म्यूजियम को बंद कर दिया गया, जिसके खिलाफ कांग्रेस ने विरोध जताया था।